फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुलायम के सामने रो पड़े सीएम अखिलेश, कहा- नेताजी चाहें तो पार्टी से निकाल दें

Tue, 25 Oct 2016 02:18 AM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 10
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को अपने पिता और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के सामने रो पड़े। रुंधे गले से अखिलेश ने कहा- ‘नेताजी चाहें तो मुझे पार्टी से निकाल सकते हैं। मैंने एक बेटे और मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाई। पार्टी पूरी तरह से नेताजी की है और वे जो चाहे फैसला ले सकते हैं। नेताजी कहें तो मैं इस्तीफा देने को भी तैयार हूं।’ फिर बोले- नेताजी, आपको जो वफादार लगे, ईमानदार लगे, जिसका जमीर जिंदा हो उसे मुख्यमंत्री बना दीजिए। अखिलेश ने समाजवादी पार्टी व परिवार में पैदा हुए संकट का ठीकरा एक बार फिर अमर सिंह के सिर फोड़ा।
विज्ञापन

2 of 10
पार्टी व परिवार में मचे घमासान के बीच सपा प्रदेश कार्यालय पर बुलाई गई बैठक में अखिलेश अपना पक्ष रखते-रखते काफी भावुक हो गए। बोले- मैंने कैबिनेट मीटिंग में भी कह दिया था कि यह पार्टी पूरी तरह आपकी है। पर मेरी जिम्मेदारी बेटे के हिसाब से जो बनती है, वह मैं जरूर पूरी करूंगा। दूसरे लोगों ने कैंपेन शुरू कर दिए हैं। आपकी पार्टी ने बहुत से काम किए हैं। आपने कहा कि 24 महीने के भीतर एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार होना चाहिए। हमने 22 महीने में तैयार कर दिया। आपके जन्मदिन पर इसका उद्घाटन करेंगे।
विज्ञापन

3 of 10
अखिलेश बोले, यूपी सरकार एकमात्र सरकार है जो 55 लाख महिलाओं को पेंशन दे रही है। मैंने यूपी को आगे बढ़ाया है। मैं आगे भी काम करता रहूंगा। बहुत से काम अधूरे पड़े हैं। मुझसे लोग पूछेंगे। तुमने बहुत वादे किए थे। काम को पूरा करना है। इसलिए मैंने कहा था कि जो साजिश करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई करूंगा।

4 of 10
कौन नई पार्टी बना रहा, मैं तो नहीं
अखिलेश ने कहा कि लोग कह रहे हैं कि मैं नई पार्टी बनाऊंगा। कौन नई पार्टी बना रहा है। मैं नहीं बना रहा हूं। नेताजी, हमारे व पार्टी के खिलाफ अगर कोई साजिश हो रही है तो मैं कार्रवाई जरूर करूंगा। उसी समय मैंने फैसला ले लिया, लेकिन किसी को नहीं बताया कि क्या करने जा रहा हूं। शहजिल इस्लाम के पिताजी बैठे होंगे। प्रधानजी आए थे, बैठे थे हमारे साथ। मैंने प्रधानजी से कहा कि नेताजी ने मुझे सीएम बनाया है। मेरी किस्मत अच्छी है कि मैं उनका बेटा हूं। मुख्यमंत्री के रूप में मेरी जिम्मेदारी थी कि नेताजी ने जो घोषणा पत्र बनाया उसे लागू करूं। मैंने उनके घोषणा पत्र को पूरी तरह से लागू भी किया। मैंने कहा कि मेरी जो जिम्मेदारी बनती है, बेटे के रूप में, करूं कि नहीं? उन्होंने कहा- अपनी जिम्मेदारी निभाओ। तो जो झगड़ा करा रहे हैं, उनके खिलाफ कैसे कार्रवाई न करूं? मेरी जिम्मेदारी है कि जो साजिश कर रहे हैं उन्हें हटाऊं? इसीलिए मैंने आप लोगों से नहीं पूछा, किसे हटाऊं किसे नहीं। न शिवपाल चाचा से न राजेंद्र चौधरी से। रामगोपाल चाचा से भी नहीं पूछा।
विज्ञापन

5 of 10
नेताजी के कहने पर गायत्री को हटाया
अखिलेश बोले ‘नेताजी आपने मुझसे कहा था कि गायत्री प्रजापति को तुम बचाते क्यों नहीं? तुम मुख्यमंत्री हो तुम्हें बचाना चाहिए। मैंने कहा बचा लूंगा, लेकिन प्रजापति मेरा कहना कहां मानता है। आपका फिर फोन आया मेरे पास कि प्रजापति को हटा दो। फिर फोन आया कि राजकिशोर को हटा दो। मैंने हटा दिया तो प्रजापति फिर आपके पास दिल्ली पहुंच गए।’
विज्ञापन

6 of 10
सिंघल को भी आपके कहने पर हटाया
अखिलेश ने कहा कि मेरा जन्मदिन था। मैं लंदन जा रहा था परिवार के साथ। लौटकर आया तो आपने कहा कि दीपक सिंघल को हटा दो। मैं जानता था कि चीफ सेक्रेटरी को हटाने का मतलब क्या होता है। आपके कहने पर जब हटाने का फैसला किया, इससे पहले खुद सिंघल को फोन करके कहा कि जाओ नेताजी के हाथ-पांव जोड़ लो खुद को बचा सकते हो। 14 को आपने कहा कि शिवपाल इस्तीफा दे देंगे तो पार्टी की ऐसी की तैसी हो जाएगी। उस दिन आपने जो कुछ कहा उससे मुझे बहुत दुख हुआ।
विज्ञापन

7 of 10
चाचा ने हमें हटाया, हमने उन्हें
अखिलेश ने कहा कि चाचाजी (शिवपाल) का फोन आया कि नेताजी ने कहा है कि मैं आपको हटा दूं। मैंने कहा कि हटा देना, बस हटाने के बाद चिट्ठी भेज देना। उन्होंने मुझे हटाया, फिर मैंने उन्हें मंत्री पद से हटाया। बहुत सारे लोग मेरे खिलाफ क्या-क्या नहीं बोलते थे।

अमर सिंह के कहने पर हटाना गलत
अखिलेश ने कहा कि आप कोई भी फैसला ले सकते हैं। लेकिन तीन घंटे अमर सिंह आपके पास बैठा था। वहां और उससे मुलाकात के बाद आपने यह फैसला किया। सोशल मीडिया का दौर है। चीजें तेजी से इधर से उधर पहुंचती हैं। आप ट्विटर पर देख लो, अमर ने कहा कि अक्तूबर में प्रदेश में बड़ा बदलाव होगा। दिल्ली में आपके लोग भी हैं काफी। पूछ लो, उसने कहा था कि नवंबर में अखिलेश मुख्यमंत्री नहीं रहेगा। अखिलेश ने कहा कि अमर सिंह साजिश कर रहा है। आप लोग मुझे कहते तो मैं इस्तीफा दे देता।

8 of 10
रामगोपाल ने शिवपाल को हटाने को नहीं कहा
अखिलेश ने रामगोपाल यादव का बचाव करते हुए कहा कि मैं बता दूं कि रामगोपाल चाचा ने नहीं कहा था मुझे शिवपालजी को हटाने के लिए। यह मेरा खुद का फैसला था और इस बारे में मैंने किसी को भी नहीं बताया था।

9 of 10
आपकी पार्टी व कॅरिअर तो मेरा भी कॅरिअर
अखिलेश ने कहा,  मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार हूं। लेकिन अगर आपका कॅरिअर व पार्टी है तो मेरा भी तो कॅरिअर अंधेरे में हो गया है। जिस ऊंचाई तक पहुंचाया है आपने मुझे, अब चाहते हैं कि उस ऊंचाई से हट जाऊं, चला जाऊं कहीं और। बोले- ‘ये (राजनीति) मेरा कॅरिअर है? राजनीति छोड़ दूंगा तो कहां जाऊंगा। अब तो मैं और कोई काम नहीं कर सकता दूसरा। जिस ऊंचाईं पर पहुंचाया, आपने उसके बाद कोई काम नहीं कर पाऊंगा।’
विज्ञापन

10 of 10
ज्यादा कह दिया हो माफ करना
अखिलेश ने मुलायम से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगते हुए कहा कि अगर मैंने सीमा के बाहर जाकर कुछ गलत कह दिया हो तो मुझे माफ कर देना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें