लखनऊ के गुडंबा की रिंग रोड स्थित शुक्ला मारबल शॉप के पास शनिवार देर रात उल्टी दिशा से आ रहे डीसीएम ट्रक का लोहे का एंगल सामने से आ रही कार के ड्राइवर व उसके ठीक पीछे बैठे दोस्त के सीने के आरपार हो गया। हादसे में कार चला रहे युवक की मौत हो गई जबकि उसके साथी की हालत नाजुक बनी हुई है। एक युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने कटर की मदद से एंगल कटवाकर युवकों को निकलवाया। दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां एक ने दम तोड़ दिया। (युवक के सीने में घुसा एंगल, लाल घेरे में)
विज्ञापन
2 of 5
आधे घंटे बाद काटा जा सका एंगल
इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि ऑल्टो कार सवार गोंडा के गायत्रीपुरम का 25 वर्षीय अभिषेक मोबाइल कंपनी में सिटी मैनेजर था। वह किसी काम से लखनऊ आया था। उसके साथ समीर व एक अन्य दोस्त था। रात साढ़े ग्यारह बजे रिंग रोड पर उल्टी दिशा से ट्रक आ गया। अभिषेक ने बायीं ओर कार मोड़ी तो ट्रक का लोहे का एंगल कार की विंड स्क्रीन तोड़ते हुए उसके सीने में घुस गया। इसके बाद एंगल ड्राइविंग सीट छेदता हुआ अभिषेक के ठीक पीछे बैठे समीर की छाती में घुस गया। तीसरे दोस्त ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। गुडंबा इंस्पेक्टर फोर्स लेकर पहुंचे और आनन-फानन एंबुलेंस को सूचना दी। आधे घंटे की मशक्कत के बाद एंगल काटकर दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। इन्हें ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान अभिषेक की मौत हो गई।
विज्ञापन
3 of 5
ऑक्सीजन सिलेंडर होता तो शायद बच जाती युवक की जान
रिंग रोड पर भीषण हादसा हो गया। पर इस हादसे के बाद पहुंची एंबुलेंस में ऑक्सीजन का सिलेंडर ही नहीं था। युवकों की जान बचाने के लिए उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन एंबुलेंस में यह व्यवस्था नहीं थी। भीड़ में शामिल लोगों ने युवकों को तड़पते देखा तो ऑक्सीजन का इंतजाम करने के लिए हंगामा किया लेकिन एंबुलेंस के स्टाफ ने हाथ खड़े कर दिए। पुलिस का कहना था कि अगर एंबुलेंस में ऑक्सीजन होती तो शायद युवक की जान बच जाती।
4 of 5
...और बाल-बाल बच गया
कार की ड्राइविंग सीट के बगल में बैठा गोंडा का ही विद्युत बाल-बाल बच गया। अगर लोहे का एंगल जरा भी इधर-उधर होता या ट्रक में एक एंगल और होता तो उसकी भी जान जा सकती थी। बगल में बैठे विद्युत को मामूली खरोंचे ही आई हैं।
राहगीरों ने पीछा कर ट्रक चालक को दबोचा
हादसे के बाद डीसीएम लेकर चालक भाग निकला। राहगीरों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने डीसीएम जब्त कर चालक को हवालात में बंद कर दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रक लखनऊ के राजकुमार का है, जिसे फैजाबाद के खंडासा का नंद कुमार शुक्ला चला रहा था। हादसे की जानकारी पाकर युवकों के परिवारीजन ट्रामा सेंटर पहुंचे।