राजधानी में रविवार शाम आई तेज आंधी में हसनगंज के डालीगंज में एक दीवार ढह गई। मलबे के नीचे एक निशक्त समेत तीन लोग दब गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, डालीगंज स्थित ब्रांच रोड के पास तेज आंधी की वजह से जर्जर दीवार ढह गई। इससे डालीगंज निवासी कल्लू, हीरा व निशक्त मेहताब दब गए। चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े और मलबे में दबे लोगों को काफी देर बाद बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर तीनों को बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। जहां पर निशक्त मेहताब की हालत गंभीर बनी हुई है।