लखनऊ के तालकटोरा स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी ने शनिवार सुबह पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के होश उड़ा दिए। पुलिस फोर्स मंदिर पहुंची और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉयड तथा डॉग स्क्वॉयड की मदद से चप्पा-चप्पा खंगाला लेकिन कोई संदिग्ध अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
इस बीच धमकी वाले के मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने अलीगंज के अहिबरनपुर निवासी निजी स्कूल के लैब टेक्नीशियन 55 वर्षीय बलवंत सिंह को दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी को मंदिर से बुलाने के लिए ही धमकी दी थी।
इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोलरूम को फोन कर किसी ने बालाजी मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। धमकी देने वाले ने कहा था कि मंदिर के महंत ने उसकी पत्नी को ठीक नहीं किया इसलिए वह मंदिर को बम से उड़ा देगा।
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 4
धमकी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के होश उड़ गए। तालकटोरा थाना के एसएसआई अभिमन्यु मल्ल को मौके पर भेजा गया। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉयड और डॉग स्क्वॉयड को भी बुलवा लिया गया। मंदिर परिसर खाली कराकर तलाशी ली गई लेकिन बम नहीं मिला।
विज्ञापन
3 of 4
उधर, धमकी देने वाले के मोबाइल नंबर की पड़ताल की गई तो वह अलीगंज के अहिबरनपुर निवासी बलवंत सिंह का निकला। अलीगंज एसओ जयशंकर सिंह को मौके पर भेजा गया। एसओ ने बताया कि बलवंत सिंह घर पर ही मिल गया। वह शराब के नशे में धुत था। उसने बताया कि पत्नी बालाजी मंदिर में सत्संग में जाती है। उसे घर आने में तीन-चार घंटे लग जाते हैं।
शनिवार को भी वह मंदिर गई थी। फोन करने पर उसने सत्संग खत्म होने के बाद आने की बात कही। उसे घर बुलाने के लिए ही बलवंत को मंदिर उड़ाने की धमकी देने का आइडिया आया। बलवंत को तालकटोरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।