योग-प्राणायाम के नियमित अभ्यास की आदत आपको कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ दे सकती है। शोध भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि जो लोग नियमित रूप योगाभ्यास करते हैं उनमें कई प्रकार की शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम कम होता है। मन को शांत रखने, तनाव-चिंता को कम करने से लेकर कई तरह की शारीरिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के जोखिम को कम करने तक के लिए योग का अभ्यास फायदेमंद माना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आप रोजाना प्राणायाम का अभ्यास करते हैं तो यह आपके समग्र विकास को बढ़ावा देने का सबसे अच्छा साधन हो सकता है।
कई अध्ययनों में भ्रामरी प्राणायाम से शरीर को होने वाले फायदों के बारे में जिक्र मिलता है। भ्रामरी प्राणायाम सांसों को स्थिर रखने के साथ दिमाग को शांत बनाए रखने में काफी मदद करती है। बेहतर नींद प्राप्त करने के लिए भी इस प्राणायाम के अभ्यास की आदत फायदेमंद हो सकती है। जिन लोगों की नींद अच्छी तरह से पूरी होती है उन्हें स्वाभाविक तौर से कई तरह की मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं का जोखिम कम होता है। तनाव, क्रोध और चिंता को दूर करके आपको कई प्रकार के लाभ देने में इस प्राणायाम का अभ्यास मददगार हो सकता है। आइए आगे इस बारे में विस्तार से जानते हैं।