सर्वाइकल का दर्द, मौजूदा समय की सबसे आम समस्याओं में से एक है। इसके कई कारण हो सकते हैं। शरीर की मुद्रा का सही न होना, सिर को एक ही स्थिति में लंबे समय तक रखने जैसी आदत आपमें सर्वाइकल होने के जोखिम को बढ़ा सकती है। कंप्यूटर पर देर तक काम करते रहने वाले लोगों में भी सर्वाइकल होने का खतरा अधिक पाया गया है। इस समस्या को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है क्योंकि इसमें की गई लापरवाही शरीर के अन्य अंगों जैसे पीठ और कंधों में समस्या का कारण बन सकती है। सर्वाइकल का दर्द समय के साथ इन अंगों में भी बढ़ने लग जाता है।
सर्वाइकल या गर्दन में होने वाले दर्द से छुटकारा पाने के लिए योग का अभ्यास करना एक बेहतरीन तरीका है। योगासन गर्दन में रक्त के संचार को बढ़ावा देकर मांसपेशियों को आराम दिलाने में आपके लिए मददगार हो सकते हैं।
शोध बताते हैं कि नौ सप्ताह तक नियमित योगासनों का अभ्यास करने वाले लोगों में सर्वाइकल के दर्द की समस्या को कम करने में मदद मिली। आइए जानते हैं कि जिन लोगों के गर्दन में दर्द की दिक्कत होती है उन्हें कौन से योगासन करने से लाभ मिल सकता है?