क्या आपको भी अक्सर छोटी-छोटी बातें भूल जाती हैं? लोगों के चेहरे तो याद रहते हैं पर उनका नाम याद कर पाने में कठिनाई होती है या फिर सामान्यतौर पर जो आप पढ़ते हैं वह कुछ ही देर बाद भूल जाता है। अगर आपको इस तरह की समस्या है तो इसको लेकर आपको अलर्ट हो जाने की आवश्यकता है। सामान्यतौर पर उम्र बढ़ने के साथ लोगों को अल्जाइमर नामक बीमारी के कारण भूलने की समस्या हो सकती है, पर याददाश्त की कमजोरी की दिक्कत किसी भी उम्र में हो सकती है। विशेषकर पढ़ाई करने वाले बच्चों को इस समस्या की सामना करना पड़ता है जिसमें वह रात में तो लेशन याद करते हैं, पर सुबह सबकुछ भूल जाता है।
याददाश्त की यह समस्या कई कारणों से हो सकती है, हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि दिनचर्या में नियमित रूप से योगासनों को शामिल किया जाए तो इससे बचाव किया जा सकता है। कई योगासनों का अभ्यास दिमाग को शांत रखने और चीजों को अच्छी तरह से याद रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा योगासनों की मदद से उम्र बढ़ने के साथ होने वाली याददाश्त की कमजोरी की दिक्कतों से भी बचा जा सकता है। आइए जानते हैं कि इसके लिए कौन से आसनों को करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है?