धनतेरस से लेकर दीपावली-भाई दूज और छठ पूजा तक, त्योहारों का यह सीजन उत्साह और उमंग का अंबार लेकर आता है। मिठाइयां और तरह-तरह के पकवान इन त्योहारों को और भी खास बना देते हैं। पर इसके साथ ही विशेषज्ञ, सभी लोगों को सेहत का भी ध्यान देते रहने की भी सलाह देते हैं। विशेषकर जिन लोगों को पहले से ही डायबिटीज की समस्या है उनके लिए आहार में होने वाली थोड़ी से भी गड़बड़ी कई प्रकार की चुनौतियों का कारण बन सकती है।
मिठाइयों, तली-भुनी या हाई कैलोरी वाली चीजों के अधिक सेवन के कारण ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा हो सकता है, जिससे स्वास्थ्य जटिलताएं बढ़ सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इन त्योहारी सीजन में ब्लड शुगर बढ़ने न पाए इस बात का खास ख्याल रखें। इसके लिए आहार के सही चयन के साथ दिनचर्या को ठीक रखना बहुत आवश्यक है।
नियमित रूप से योग का अभ्यास करना डायबिटीज रोगियों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। ये आसानी से कैलोरी बर्न करके ब्लड शुगर को बढ़ाने वाले कारकों के जोखिम को कम करने में सहायक है। योग के अभ्यास से अग्नाशय के कार्यों में भी सुधार होता है जिससे इंसुलिन के स्तर को ठीक रखने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं कि ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने में आपके लिए कौन से योगासन मददगार हो सकते हैं?