World Food Safety Day 2023: स्वस्थ जीवन के लिए खाद्य पदार्थ बेहद जरूरी हैं। जिस तरह से जीवन के लिए हवा और पानी मूलभूत आवश्यकता है, उसी तरह भोजन भी आवश्यक है। भोजन हमारे संपूर्ण विकास के लिए सहायक है। हालांकि जिस खाद्य पदार्थ का हम सेवन करते हैं, उसकी गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए। आजकल डिब्बा बंद या पैकेड फूड का उपयोग अधिक हो रहा है। इस तरह की खाद्य सामग्री के सेवन के कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। इसलिए खाद्य पदार्थों के सेवन से पहले उनके उत्पादन, प्रसंस्करण, भंडारण और वितरण के बारे में पता कर लें, कि वह सेहत के लिहाज से सुरक्षित है या नहीं।
भोजन से संबंधित बरती गई जरा सी भी लापरवाही फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकती है। ऐसे में स्वस्थ भोजन के सेवन को बढ़ावा देने और खाद्य जनित जोखिमों को रोकने के उद्देश्य से हर साल 7 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस मनाया जाता है।
अध्ययनों के मुताबिक, ज्यादातर लोग अक्सर ऐसी चीजों का सेवन करते हैं, जो स्वाद में तो अच्छे होते हैं, लेकिन इनके सेवन से गंभीर बीमारियों का जोखिम हो सकता है। कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे भी हैं जिनका सेवन पेट के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है। फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है।