शादी या बच्चे के बाद नौकरी कैसे करें महिलाएं
- फोटो : Pexel
संपर्क आएंगे काम
कई बार नौकरी संपर्कों से ही मिलती है। इसलिए पुराने सहकर्मियों, दोस्तों और नेटवर्क से फिर से जुड़ें। कभी-कभी कॉफी पर मिलें, हालचाल पूछें और बातचीत को जीवंत रखें। अपनी ऑनलाइन प्रोफाइल अपडेट करें और साफ बताएं कि आप काम पर लौटने के लिए तैयार हैं। शुरुआत छोटे प्रोजेक्ट्स से करे, यह आपके अनुभव और आत्मविश्वास दोनों को बढ़ाएगा। इस समय अधिक सैलरी से ज्यादा सीखने और अनुभव को प्राथमिकता दें। जब आपका काम उत्कृष्ट होगा, तो बेहतर सैलरी और अवसर अपने आप आएंगे। सही नेटवर्क और आपकी मेहनत करियर में वापसी को सफल बनाएगी।
फ्रीलांसिंग बेहतर
यदि यह आपका पहला प्रयास है, तो फ्रीलांसिंग एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है, क्योंकि इसमें आप घर से काम करके अपने सपनों की दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं। परिवार के साथ रहते हुए भी यह करियर की शुरुआत के लिए सुरक्षित और प्रभावी तरीका है। आप नौकरी के विज्ञापन देखें और समझें कि कौन-कौन से काम उपलब्ध हैं और कंपनियां किस तरह के कर्मचारियों की तलाश में हैं। अपने कौशल और ज्ञान को बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों के लेख पढ़ अपना मार्गदर्शन करें। सीखते रहें, नेटवर्क बनाएं और छोटे कदमों से अपने करियर की मजबूत नींव तैयार करें।
रिटर्नशिप प्रोग्राम की मदद
आप रिटर्नशिप प्रोग्राम की मदद ले सकती हैं। आजकल कई बड़ी कंपनियां विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए रिटर्नशिप प्रोग्राम चलाती हैं, जो ब्रेक के बाद करियर में वापसी करना चाहती हैं। रिटर्नशिप प्रोग्राम आमतौर पर तीन से चार महीने के होते हैं और इसके लिए कुछ भुगतान भी किया जाता है। इन कार्यक्रम में प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और स्थायी नौकरी के अवसर भी मिल जाते हैं। आप इंटरनेट के माध्यम से इनकी जानकारी हासिल कर सकती हैं। इसके अलावा, कौशल नवीनीकरण प्रशिक्षण और नेटवर्किंग जैसे विकल्प भी करियर को फिर से गति देने में मदद करते हैं। यह कार्यक्रम बदलते नौकरी बाजार के साथ प्रासंगिक बने रहने के लिए नए कौशल सीखने या मौजूदा कौशल को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं।
रिज्यूमे में वर्क गैप
जब आप दोबारा काम पर लौटने के लिए तैयार हों, तो सबसे पहले अपने रिज्यूमे को बेहतर और मजबूत बनाएं। रिज्यूमे में केवल वर्क गैप के बारे में न बताएं, बल्कि उस दौरान (जैसे बच्चे की परवरिश करते हुए) सीखे गए नए कौशल, जिम्मेदारी निभाना, बजट बनाना, टाइम मैनेजमेंट और मल्टीटास्किंग को भी शामिल करें। आप ऑनलाइन ग्राफिक डिजाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आधुनिक फॉर्मेट में रिज्यूमे भी बना सकती हैं। साक्षात्कार में पूछे जाने वाले सवाल कभी-कभी पेचीदा हो सकते हैं, इसलिए किसी जानकार के साथ बैठकर इसकी तैयारी करें। शुरुआत में थोड़ा तनाव महसूस होना स्वाभाविक है। खुद पर भरोसा रखें, अपनी उपलब्धियों को याद रखें और इंटरव्यू में अपने ब्रेक के बारे में आत्मविश्वास के साथ स्पष्ट रूप से बताएं।