कोरोना वायरस से बचने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लगाया गया है। जिसकी वजह से स्कूल, कॉलेज से लेकर ऑफिस बंद है। ऐसे में सभी लोग दिनभर घर पर होते हैं और महिलाओं के लिए ये वक्त थोड़ा जटिल हो जाता है। क्योंकि घर के सारे काम बढ़ जाते हैं और मदद के लिए इस समय घरेलू सहायिकाएं भी नहीं आ सकतीं। ऐसे में बच्चों को व्यस्त रखने की टेंशन तो पति की फरमाइशों को पूरा करने की चिंता, वहीं घर के बुजुर्गों की देखभाल भी बहुत जरूरी है। जिसकी वजह से तनाव और चिड़चिड़ापन हो जाना आम बात है। लेकिन घर में हंसी-खुशी और मौजमस्ती का माहौल चाहती हैं तो सबसे पहले खुद को खुश रखना बहुत जरूरी है। क्योंकि घर की गृहणी का मुस्कुराता और गुनगुनाता चेहरा परिवारवालों को भी खुशी देता है। अगर आप सोच रहीं है कि ये काम बहुत मुश्किल है तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। अपने लिए थोड़ा सा समय निकालकर तनावमुक्त रहें और देखें कैसे घर का माहौल बदल जाएगा।