Independence Day 2022: 15 अगस्त 1947 को भारत अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था। सालों चले स्वतंत्रता संग्राम, कई आंदोलनों और देशभक्ति से सराबोर नौजवानो की शहादत के बाद हिंदुस्तान में तिरंगा लहराया गया। आज के आजाद भारत को पाने के लिए गुलाम भारत ने बहुत कुछ सहा। जिसकी यादें आज भी हमारे देश की कई जगहों पर जीवित हैं। ये जगहें भारत की गुलामी से लेकर आजादी तक की गवाह हैं। इतिहास के पन्नों पर दर्ज इन जगहों में से कहीं हंसते हंसते हमारे वीरों ने अपनी जान कुर्बान कर दी थी, तो कहीं से अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन की पृष्ठभूमि तैयार की गई थी। देश की वो जेल, जहां आजादी की आवाज उठाने पर स्वतंत्रता सेनानियों को सजा के तौर पर कैद कर दिया गया, तो वो सीमा जहां भारत पाकिस्तान को दो अलग देशों में बांट दिया गया। आजादी के बाद से स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाता दिल्ली का वह लाल किला और राजपथ, जहां से फहराया जाने वाला तिरंगा और जवानों की परेड हर भारतीय को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर देती है। हर भारतीय को एक बार इन जगहों पर जरूर जाना चाहिए। देश आजादी के 75 साल पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस मौके पर अगर आप कहीं यात्रा की योजना बना रहे हैं तो राष्ट्रप्रेम बढ़ाने वाली इन जगहों पर जरूर जाएं।