पहाड़ों की सैर केवल मन को तरोताजा ही नहीं करती बल्कि इसकी वजह से शरीर को भी बहुत फायदा होता है। साफ़, ताज़ी हवा फेफड़ों को शक्ति देती है और साथ ही लम्बी दूरियों तक पैदल चलने से पूरे शरीर का व्यायाम हो जाता है। यही कारण है कि अक्सर मन की शांति और शरीर के स्वास्थ्य के लिए डॉक्टर भी पहाड़ों पर जाने की सलाह देते हैं। दूर दूर तक फैली हरियाली, पंछियों की मधुर आवाज़ और मन को ख़ुशी देती हवा के झोंके, सबकुछ मिलकर एक अद्भुत वातावरण की रचना कर डालते हैं। ऐसा ही जादुई माहौल रचते हैं भारत के दक्षिणी हिस्से में मौजूद कुर्ग और उसके आस पास के पहाड़। यहाँ आप जंगल, पहाड़, नदियों, झरनों जैसे हर प्राकृतिक नजारे का आनंद उठा सकते हैं। साथ ही प्रकृति के बीच रहकर अद्भुत वातावरण से मित्रता भी कर सकते हैं। कुर्ग के ज्यादातर इलाके सुरक्षित और सुविधायुक्त हैं, लिहाजा आप परिवार के साथ भी इन पहाड़ियों की सैर निश्चिन्त होकर कर सकते हैं। इन पहाड़ियों पर हर साल बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं।