Naina Devi Mandir: आज से नवरात्रि का पावन त्योहार शुरू हो गया है। चैत्र नवरात्रि के इन 9 दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित नैना देवी मंदिर भी एक प्रसिद्ध मंदिर है, जो नैनी झील के उत्तरी किनारे पर स्थित है और देवी के 51 शक्तिपीठों में से एक है। इस मंदिर का धार्मिक महत्व बहुत अधिक है और यहां नवरात्रि के दौरान भक्तों का तांता लगा रहता है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब भगवान शिव माता सती के मृत शरीर को लेकर कैलाश पर्वत जा रहे थे, तब माता सती के नेत्र इसी स्थान पर गिरे थे। इसलिए इस मंदिर का नाम नैना देवी मंदिर पड़ा। इस मंदिर का निर्माण 15वीं शताब्दी में चंद वंश के राजाओं ने करवाया था। इस मंदिर में माता नैना देवी की मूर्ति स्थापित है।