दिल टूटना असल में है क्या?
बिहेवियरियल साइकॉलजिस्ट और रिलेशनशिप कोच जो हेमिंग्स का मानना है कि दिल टूटना वाक़ई में भावनात्मक रूप से तबाह करने वाली स्थिति है। हेमिंग्स बताती हैं, "यह सबके लिए अलग-अलग स्थिति होती है, लेकिन आम तौर पर गहरे दुख, शोक और तेज़ दर्द से कभी नहीं उबर पाने का भाव होता है। मानसिक तौर पर ऐसी स्थिति होती जैसे कि आप वास्तव में दर्द में हों। उस तरह के मूड स्विंग या अवसाद की स्थिति भी दिख सकती है जैसी अमूमन ड्रग्स लेने वालों में दिखाई देती है।" मेरे लिए तो यह एक ऐसा अनुभव था जैसे पूरे शरीर के अंदर आग लगी हो।
मूड स्विंग या अवसाद की स्थिति को संभालने की चुनौती, असली मुश्किल होती है। एक बार और चोट खाने के बाद किसी पूर्व प्रेमी को फ़ोन करना, उसे अपने बारे में याद दिलाना और दोनों के बीच में जो था, इसे याद दिलाना, ये सब भी हो सकता है, जो अकल्पनीय लग सकता है। जो हेमिंग्स कहती हैं, "भावनात्मक तौर पर, एक बुरा ब्रेकअप आपको दुख के पांच चरणों में धकेल सकता है: इनकार, गुस्सा, सौदेबाजी, अवसाद और आख़िरकार स्वीकार करना. इस प्रक्रिया में कुछ चीजें अमूमन लौटकर भी आती रहती हैं।"