अंजलि मिश्रा
गर्मियों के बाद मानसून का मौसम रिमझिम बारिश और ठंडी हवाएं लेकर आता है, जो सभी को बहुत भाती हैं। लेकिन इस सुहाने मौसम के साथ मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ जाता है। ये मच्छर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि आप अपने घर की सजावट ऐसी करें, जो न सिर्फ देखने में सुंदर और आकर्षक लगे, बल्कि मच्छरों से भी सुरक्षा प्रदान करे।
इनडोर प्लांट्स
घर की प्राकृतिक सजावट न केवल सुंदरता बढ़ाती है, बल्कि मच्छरों से भी बचाती है। लेमनग्रास, लैवेंडर, तुलसी, पुदीना और गेंदा जैसे पौधे मच्छर भगाने में मदद करते हैं। लेमनग्रास में सिट्रोनेला ऑयल होता है, जो मच्छरों को दूर रखता है। गेंदा और लैवेंडर की खुशबू भी मच्छरों को नहीं भाती। तुलसी और पुदीना न केवल कीड़े-मकोड़े भगाते हैं, बल्कि घर को ताजगी भी देते हैं। आप इन पौधों से बालकनी, खिड़की या किचन को सजाएं, ताकि मच्छर आपके घर से दूर रहें।