मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ती हुई देखी जा रही हैं। विशेषकर कोरोना महामारी के बाद से मनोरोग विकार के मामले काफी तेजी से बढ़ते हुए देखे गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के कारण कई प्रकार के शारीरिक स्वास्थ्य विकारों का भी जोखिम रहता है, कुछ मामलों में इसे उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों के गंभीर मामलों के लिए संभावित कारण भी पाया गया है। यही कारण है कि विशेषज्ञ सभी लोगों को संपूर्ण स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह देते हैं।
वैश्विक स्तर पर बढ़ रही मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में लोगों को जागरूक करने और इस बढ़ते खतरे को कम करने के लिए हर साल 10 अक्तूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है।
भोपाल स्थित अपोलो हॉस्पिटल में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ आशुतोष सिंह बताते हैं, शोध में पाया गया है कि दिनचर्या की कई आदतें भी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनती जा रही हैं। अक्सर इन बातों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जाता है जिसके गंभीर परिणाम देखे जा सकते हैं। मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए लाइफस्टाइल को ठीक रखना बहुत आवश्यक माना जाता है। आइए जानते हैं कि दिनचर्या की किन आदतों को मानसिक स्वास्थ्य विकारों को बढ़ावा देने वाला माना जाता है, इस बारे में सभी लोगों को सतर्कता बरतते रहने की आवश्यकता है।