खराब लाइफस्टाइल और खान-पान की गड़बड़ी ने कई ऐसी बीमारियों का खतरा काफी आम कर दिया है, जिन्हें स्वास्थ्य विशेषज्ञ साइलेंट किलर मानते हैं। हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर उनमें से एक है, जिसका खतरा कम उम्र के लोगों में भी बढ़ता जा रहा है।
अमर उजाला में प्रकाशित एक हालिया रिपोर्ट में हमने बताया कि किस तरह से हाई ब्लड प्रेशर देश में हर चौथे व्यक्ति को प्रभावित कर रहा है, सबसे चिंताजनक बात ये है कि ज्यादातर लोगों को पता भी नहीं होता है कि उन्हें ये बीमारी है।
अमर उजाला से बातचीत में इंटरनल मेडिसिन के डॉक्टर मोइन खान बताते हैं, हाई ब्लड प्रेशर वाला हर मरीज आपको देखने में बीमार लगे ये जरूरी नहीं है। कई बार बिल्कुल स्वस्थ और फिट दिखने वाले लोग भी इसका शिकार हो सकते हैं। चूंकि शुरुआत में बीमारी के लक्षण ज्यादा स्पष्ट नहीं होते हैं इसलिए हाइपरटेंशन का शिकार होने के बावजूद ज्यादातर लोगों को अपनी बीमारी के बारे में अंदाजा नहीं होता है।
अनियंत्रित हाई ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक, स्ट्रोक, किडनी डैमेज और ब्रेन हेमरेज जैसी गंभीर समस्याओं तक का कारण बन सकता है।