लाइफस्टाइल-आहार में गड़बड़ी के कारण पिछले एक-दो दशकों में कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम काफी तेजी से बढ़ता देखा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अब कम उम्र के लोग भी क्रोनिक बीमारियों के शिकार पाए जा रहे हैं, जो न सिर्फ स्वास्थ्य क्षेत्र पर अतिरिक्त दबाव का कारण बनती है, साथ ही इसके सामाजिक और आर्थिक रूप भी कई नुकसान हैं।
बीमारियां और आपदाएं मृत्यु और विकलांगता के कारणों के रूप में सामने आती हैं। ऐसे ही विभिन्न स्वास्थ्य मुद्दों पर लोगों का ध्यान केंद्रित करने और उससे बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है।
इस वर्ल्ड हेल्थ डे का थीम है- 'माई हेल्थ-माई राइट' यानी मेरा स्वास्थ्य-मेरा अधिकार। इस वर्ष की थीम गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ हवा, अच्छे पोषण, गुणवत्तापूर्ण आवास को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करती है, जिससे हर किसी को बेहतर स्वास्थ्य मिल सके।