शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पौष्टिक और स्वस्थ आहार का सेवन जरूरी है, इससे भी जरूरी है कि आप अच्छी गुणवत्ता वाली चीजों का सेवन करें। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिस तरह से खाने पीने की चीजों में मिलावट बढ़ता जा रहा है, कई प्रकार के रसायनों और प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल किया जाता रहा है, इससे सेहत को कई प्रकार से गंभीर नुकसान हो सकता है।
खाद्य पदार्थों में हानिकारक रसायनों के मिश्रण या फिर उच्च गुणवत्ता वाले तत्वों की जगह सस्ते विकल्पों का इस्तेमाल कई प्रकार के रोगों का जोखिम बढ़ाने वाला हो सकता है। इन्हीं विषयों पर लोगों का ध्यान केंद्रित करने और खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल 7 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस मनाया जाता है।
दूध से लेकर चावल-मसालों में मिलावट के साथ फलों-सब्जियों को पकाने के लिए कई ऐसे हानिकारक चीजों का इस्तेमाल किया जाता रहा है जो किडनी-लिवर सहित कई अंगों को गंभीर क्षति पहुंचाने वाली हो सकती है। इन दिनों अगर आप भी बाजार से लाकर आम खा रहे हैं तो सावधान हो जाइए, आपकी थोड़ी सी लापरवाही शरीर के लिए बहुत हानिकारक हो सकती है।