फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Cancer Day 2025: इन चार प्रकार के कैंसर के कारण हर साल हो रही हैं सबसे ज्यादा मौतें, आप भी हो जाइए अलर्ट

Tue, 04 Feb 2025 03:34 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की रिपोर्ट से पता चलता है कि अकेले अमेरिका में ही कई प्रकार के कैंसर के कारण हर साल 6-7 लाख लोगों की मौत हो जाती है। आइए वैश्विक स्तर पर सबसे खतरनाक और जानलेवा कैंसर के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन
1 of 6
विश्व कैंसर दिवस 2025 - फोटो : Adobe stock photos
वैश्विक स्तक पर कैंसर हमारी सेहत के लिए बड़ा खतरा रहा है। हृदय रोगों के बाद ये दूसरी बड़ी बीमारी है जिसके कारण सबसे अधिक लोगों की मौत हो रही है। आमतौर पर माना जाता रहा है कि उम्र बढ़ने के साथ आपमें कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है पर क्या आप जानते हैं कि युवा आबादी यहां तक कि बच्चे भी इसका तेजी से शिकार होते जा रहे हैं?

इसमें कोई संदेह नहीं है कि कैंसर जानलेवा है। यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की रिपोर्ट से पता चलता है कि अकेले अमेरिका में ही कई प्रकार के कैंसर के कारण हर साल 6-7 लाख लोगों की मौत हो जाती है। इसके अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ-एसईएआर) ने एक हालिया अध्ययन की रिपोर्ट में बताया कि पिछले कुछ वर्षों में दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में कैंसर के मामलों में काफी तेजी से वृद्धि हुई है। अगर यही गति जारी रहती है तो साल 2050 तक इस क्षेत्र में नए कैंसर के मामलों और इसके कारण मौत में  85 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। 

दुनियाभर में कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इसकी रोकथाम, पहचान और उपचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हर साल 4 फरवरी विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। आइए वैश्विक स्तर पर सबसे खतरनाक और जानलेवा कैंसर के बारे में जानते हैं जिसके कारण स्वास्थ्य क्षेत्र पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है।
विज्ञापन

2 of 6
कैंसर का खतरा - फोटो : Adobe stock photos
कैंसर के जोखिम

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, साल 2020 में दुनियाभर में सबसे ज्यादा लोगों की मौत का कारण बनने वाले तीन कैंसर- फेफड़े का कैंसर (18 लाख मौतें), कोलोरेक्टल कैंसर (9.16 लाख मौतें) और लिवर कैंसर (8.30 मौतें) हैं। प्रोस्टेट कैंसर और स्तन कैंसर के साथ पिछले कुछ वर्षों में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में भी तेजी से वृद्धि हुई है। 

अमेरिकन कैंसर सोसाइटी में कैंसर निगरानी अनुसंधान की वरिष्ठ वैज्ञानिक निदेशक रेबेका सीगल कहती हैं, सबसे घातक प्रकार के कैंसर में फेफड़े, कोलन और अग्नाशय का कैंसर भी शामिल हैं। कुछ प्रकार के कैंसर महिलाओं-पुरुषों को अलग-अलग प्रकार से प्रभावित करते हैं। उदाहरण के लिए, लिवर कैंसर पुरुषों में शीर्ष 5 घातक कैंसर में से एक है, लेकिन महिलाओं में नहीं।
विज्ञापन

3 of 6
फेफड़ों का कैंसर - फोटो : Freepik.com
लंग्स कैंसर के बढ़ते मामलों को लेकर अलर्ट

फेफड़े का कैंसर दुनियाभर में तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस कैंसर की गंभीर बात ये है कि ज्यादातर लोगों में इसका पता ही तब चल पाता है जब ये बीमारी अपने उन्नत चरणों में पहुंच जाती है। यही कारण है कि लंग्स कैंसर के कारण सबसे ज्यादा लोगों की जान भी जा रही है। धूम्रपान को फेफड़ों के कैंसर का सबसे आम कारण माना जाता रहा है।

द लैंसेट रेस्पिरेटरी मेडिसिन जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में धूम्रपान न करने वालों में भी लंग्स कैंसर के बढ़ते मामलों को लेकर अलर्ट किया गया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके लिए बढ़ता वायु प्रदूषण एक प्रमुख कारक हो सकता है।

(ये भी पढ़िए- साल 2050 तक कैंसर के मामलों में 85% वृद्धि की आशंका, सामने आई एक और डराने वाली रिपोर्ट)

4 of 6
कोलोरेक्टल कैंसर की समस्या - फोटो : Adobe Stock
कोलोरेक्टल कैंसर का जोखिम

कोलोरेक्टल कैंसर दुनियाभर में तेजी से बढ़ते कैंसर का प्रकार है जिसको लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अलर्ट करते हैं।  मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि आमतौर पर शुरुआती चरणों में इसके लक्षण बहुत कम या बिलकुल नहीं दिखते हैं। अगर समय रहते इसका पता चल जाए, तो इसका इलाज संभव है और रोगी की जान बचने की संभावना भी बढ़ जाती है।

साल 2022 में 9 लाख से अधिक लोगों की इस कैंसर से मौत हुई। प्रतिवर्ष प्रति एक लाख पुरुषों और महिलाओं में इसकी मृत्युदर 12.9 थी।
विज्ञापन

5 of 6
लिवर कैंसर - फोटो : Freepik.com
लिवर कैंसर बनता जा रहा है बड़ा खतरा

लिवर कैंसर का जोखिम पिछले दो दशकों में तेजी से बढ़ा है। साल 2020 में दुनियाभर में लिवर कैंसर से लगभग 830,200 लोगों की मौत हुई। यह उस साल कैंसर से होने वाली सभी मौतों का लगभग 8.3% था। यकृत कैंसर कई कारणों से हो सकता है जिसमें दीर्घकालिक संक्रमण, खान-पान की अस्वास्थ्यकर आदतें और आनुवंशिक विकार शामिल हैं। अध्ययनों में अल्कोहल को भी इस गंभीर कैंसर के लिए जिम्मेदार बताया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
ब्रेस्ट कैंसर का खतरा - फोटो : Freepik.com
महिलाओं में स्तन कैंसर के मामले

साल 2022 में दुनिया भर में स्तन कैंसर से 6.70 लाख महिलाओं की मृत्यु हो गई। स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे आम कैंसर है, जो दुनिया के हर देश में महिलाओं को प्रभावित करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं इस कैंसर के खतरे से बचे रहने के लिए 20 साल से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को नियमित रूप से स्तन की जांच करते रहना चाहिए। अगर आपको स्तन में कोई गांठ, असामान्य घाव या स्राव की समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।



----------
स्रोत और संदर्भ
Cancer Facts & Figures 2024


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें