हमारा शरीर दिनभर कितना एक्टिव रहेगा, ये बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि हमारी दिन की शुरुआत कैसे हुई है? सुबह उठकर हम क्या करते है, क्या खाते हैं? इसका भी सेहत पर सीधा असर होता है।
अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट में हमने बताया कि किस तरह से लोगों के लिए सुबह का नाश्ता छोड़ना सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला हो सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों के लिए रोज सुबह सूरज की रोशनी में कुछ समय बिताना भी बहुत जरूरी है।
सुबह उठकर कमरे में ही रहना, खिड़की बंद रखना या बाहर निकलने के बजाय सीधे काम में लग जाना आजकल लोगों की आम आदत बन गई है। लेकिन शरीर की घड़ी यानी सर्केडियन रिदम को ठीक रखने के लिए समय पर सूरज की रोशनी भी जरूरी है। खासकर सुबह की प्राकृतिक रोशनी दिमाग को यह समझने में मदद करती है कि दिन शुरू हो चुका है। इसका असर नींद-जागने के समय और दिन की सतर्कता पर पड़ सकता है।
सुबह की धूप न लेने से ये लय बिगड़ सकती है, इतना ही नहीं इसका शरीर के कार्यों पर और भी कई तरह से नकारात्मक असर हो सकता है।