क्या आपको बार-बार गला सूखने का एहसास होता है? क्या खूब पानी पीने के बाद भी मुंह और गले में सूखापन बना रहता है? अगर हां, तो इसे केवल पानी की कमी समझकर नजरअंदाज न करें। कई बार गले में सूखापन मौसम में बदलाव, मुंह से सांस लेने, अधिक चाय-कॉफी पीने या कुछ दवाओं के सेवन के कारण हो सकता है। वहीं, लगातार प्यास लगना और मुंह सूखना कुछ स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है।
दरअसल, हमारे मुंह में बनने वाली लार उसे नम रखने के साथ भोजन चबाने, निगलने और मुंह की सेहत बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जब लार का उत्पादन कम हो जाता है, तो पर्याप्त पानी पीने के बावजूद मुंह और गले में सूखापन महसूस हो सकता है।
कुछ लोगों को इसके साथ होंठ फटने, सांसों में दुर्गंध या निगलने में परेशानी जैसी समस्याएं भी होती हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि गला सूखने के पीछे क्या कारण हो सकते हैं और किन लक्षणों को गंभीरता से लेना चाहिए। आइए जानते हैं इसके छह संभावित कारण और बचाव के तरीके।