रात में सोने से पहले कुछ खाने की क्रेविंग होना बहुत सामान्य है। अक्सर इसके लिए लोग हल्के स्नैक्स, मिठाइयों, आइसक्रीम या कॉफी-चाय का सेवन करते हैं। पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सोने से ठीक पहले खाने की चीजों के चयन को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जाने-अनजाने हम में से ज्यादातर लोग क्रेविंग को शांत करने के लिए कई ऐसी चीजों के खाने-पीने की आदत बना लेते हैं जिनसे न सिर्फ रात की नींद प्रभावित हो सकती है, साथ ही दीर्घकालिक रूप से ये चीजें आपमें मोटापा, डायबिटीज, हृदय रोग जैसी समस्याओं तक का जोखिम बढ़ा सकते हैं। इसलिए अब से जब भी आप सोने से पहले कुछ भी खाएं तो उससे होने वाले प्रभावों के बारे में जरूर जान लें।
विशेषज्ञों का कहना है कि हम सभी को रात का भोजन हल्का रखना चाहिए जिससे नींद अच्छी आए। वहीं यदि आपकी सोने से पहले कुछ खाने-पीने की आदत है तो इसके प्रभाव-दुष्प्रभावों के बारे में भी जान लेना बहुत आवश्यक हो जाता है। आइए जानते हैं कि सोने से पहले किन चीजों के सेवन को सेहत के लिहाज से नुकसानदायक माना जाता है?