फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Kidney Day 2026: किडनी स्टोन का इलाज न किया जाए तो क्या दिक्कतें हो सकती हैं? डॉक्टर ने बताए इसके खतरे

Thu, 12 Mar 2026 11:23 AM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Kidney Stone Treatment: किडनी स्टोन को नजरअंदाज करना सही नहीं है। छोटी पथरी कई बार दवाओं, ज्यादा पानी पीने और खान-पान में बदलाव से अपने-आप निकल सकती है। लेकिन अगर पथरी बड़ी हो जाए या लंबे समय तक किडनी में बनी रहे, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।
विज्ञापन
1 of 5
किडनी स्टोन का इलाज जरूरी - फोटो : Adobe stock
किडनी में स्टोन की समस्या काफी आम है। बच्चे हों या बुजुर्ग, महिला या पुरुष सभी में ये दिक्कत देखी जा रही है। खान-पान और लाइफस्टाइल में गड़बड़ी को इसके लिए मुख्यरूप से जिम्मेदार माना जाता है। आपको अभी किडनी में स्टोन नहीं है तो इसका मतलब ये नहीं है कि कभी भी ये दिक्कत नहीं होगी। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को निरंतर किडनी में पथरी होने से बचाव के लिए जरूरी उपाय करते रहने की सलाह देते हैं।

डॉक्टर कहते हैं, किडनी में पथरी तब बनती है जब शरीर में कैल्शियम, ऑक्सलेट, यूरिक एसिड जैसे खनिज पदार्थ ज्यादा मात्रा में जमा होने लगते हैं और समय के साथ क्रिस्टल का रूप ले लेते हैं। कम पानी पीने को भी किडनी स्टोन के लिए जिम्मेदार माना जाता रहा है। किडनी स्टोन का इलाज कराना और इसे बाहर निकालना जरूरी है। 

अब सवाल ये है कि अगर किडनी स्टोन का इलाज न कराया जाए तो इससे क्या दिक्कतें हो सकती हैं?
विज्ञापन

2 of 5
किडनी में होने वाली समस्याओं का खतरा - फोटो : Freepik.com
कम उम्र के लोगों में भी बढ़ रही है स्टोन की समस्या

दुनियाभर में बढ़ती किडनी की बीमारियों को लेकर लोगों को शिक्षित और जागरूक करने और किडनी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर अलर्ट करने के उद्देश्य से हर साल मार्च महीने के दूसरे गुरुवार (इस बार 12 मार्च) को विश्व किडनी दिवस मनाया जाता है। 

अमर उजाला से बातचीत में वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ कुलदीप राय बताते हैं, ओपीडी में कम उम्र के लोगों में किडनी स्टोन के बढ़ते मामले देखे जा रहे हैं। बच्चे भी इसका शिकार हो रहे हैं।   

आमतौर पर शुरुआत में कई बार पथरी के कोई खास लक्षण नहीं दिखाई देते, लेकिन जैसे-जैसे इसका आकार बढ़ता है, यह तेज दर्द, पेशाब में जलन और कई अन्य समस्याएं पैदा कर सकती है। किडनी स्टोन के कारण होने वाले दर्द को अक्सर लोग पेट का सामान्य दर्द मानकर दवा लेते रहते हैं, यही कारण है कि ज्यादातर लोगों में स्टोन का पता तब चल पाता है जब ये काफी बढ़ चुका होता है।
विज्ञापन

3 of 5
किडनी में पथरी होने की समस्या - फोटो : Freepik.com
किडनी स्टोन और इससे होने वाली दिक्कतें

डॉक्टर कहते हैं, छोटे आकार की पथरी (3-4mm से कम)  कई बार घरेलू उपायों, ज्यादा पानी पीने और खान-पान में बदलाव से अपने-आप निकल सकती है। 
 
  • लेकिन अगर पथरी बड़ी हो जाए या लंबे समय तक किडनी में रहे, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। 
  • किडनी स्टोन को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। समय पर जांच और सही इलाज से न केवल दर्द से राहत मिलती है बल्कि किडनी को होने वाले स्थायी नुकसान से भी बचा जा सकता है। 
  • किडनी में बड़े आकार की पथरी को पेशाब के माध्यम से नहीं निकाला जा सकता है, इसके लिए सर्जरी की जरूरत होती है।
  • कुछ लोगों में छोटे-छोटे कई सारे स्टोन हो सकते हैं उस स्थिति में भी सर्जरी करके इसे निकालने की सलाह दी जाती है।

4 of 5
किडनी स्टोन के कारण पेट में दर्द - फोटो : Freepik.com
किडनी स्टोन का इलाज न होने पर क्या दिक्कतें हो सकती हैं?

डॉ कुलदीप बताते हैं, किडनी स्टोन के कारण आपको बहुत तेज दर्द हो सकता है और कुछ स्थितियों में इससे किडनी को गंभीर क्षति का भी खतरा रहता है इसलिए समय रहते इसका इलाज जरूरी है।
 
  • बड़े किडनी स्टोन यूरेटर (किडनी और मूत्राशय को जोड़ने वाली नलिकाएं) में जा सकते हैं, यहां उनके फंसने का खतरा रहता है। 
  • इससे यूरेटर में ब्लॉकेज हो सकता है और आपको पेशाब करने में तकलीफ हो सकती है।
  • किडनी स्टोन यूरेटर को ब्लॉक कर सकते हैं। ऐसे में, यूरिन जमा होने से इन्फेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है।
  • किडनी में संक्रमण एक इमरजेंसी स्थिति है जिसपर ध्यान न दिया जाए तो ये जानलेवा भी हो सकती है।
  • किडनी स्टोन से किडनी फेलियर होने का भी खतरा हो सकता है इसलिए समय रहते किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बीयर पीने से ठीक होता है किडनी स्टोन? - फोटो : Freepik.com
क्या बियर पीने से किडनी स्टोन निकल जाता है?

आमतौर पर लोगों का मानना होता है कि बीयर पीने से पेशाब का उत्पादन बढ़ता है, जिससे आप ज्यादा बार पेशाब जाते हैं और इससे पथरी निकल सकती है। हालांकि डॉक्टर इस बात को खारिज करते हैं। अमर उजाला में प्रकाशित एक रिपोर्ट में डॉक्टर ने इस सवाल का विस्तार से जवाब दिया। पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



------------
नोट: 
यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें