आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखकर आप शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं। ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने के साथ इम्युनिटी पावर के लिए भी आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखना बहुत आवश्यक माना जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित रूप से हरी सब्जियों और फलों के सेवन की सलाह देते हैं। विभिन्न प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों, जैसे खट्टे फलों और सब्जियों से शरीर को पर्याप्त पोषण मिलता है, इससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
बेहतर इम्युनिटी यानी मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी सेहत की सबसे बड़ी नींव मानी जाती है। मजबूत इम्युनिटी न सिर्फ सर्दी-खांसी, वायरल और इंफेक्शन से बचाती है, बल्कि शरीर को गंभीर बीमारियों से लड़ने की ताकत भी देती है। गलत खान-पान, तनाव और नींद की कमी के कारण लोगों की इम्युनिटी कमजोर होती जा रही है, ऐसे में इसे मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है वह कम बीमार होते हैं। गंभीर संक्रामक बीमारियां हों या फिर कैंसर के जोखिम को कम करने में भी मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली की आवश्यकता होती है।