दुनियाभर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ वैक्सीनेशन के साथ-साथ कोविड उपयुक्त व्यवहार को प्रयोग में लाने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। कोविड उपयुक्त बचाव के उपायों का मतलब अच्छी तरह से मास्क पहनना, हाथों को समय-समय पर धोते रहना और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते रहना है। इसमें भी मास्क पहनने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है, क्योंकि वायरस नाक और मुंह के माध्यम से शरीर में प्रवेश करता है, ऐसे मास्क पहनना ज्यादा कारगर माना जाता है। पर क्या सभी के लिए लगातार मास्क पहनकर रखना सही है? इस संबंध में हाल ही में हुए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बच्चों को मास्क पहनाने को लेकर माता-पिता का अलर्ट किया है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए थोड़ी देर के लिए भी मास्क पहनकर रखना समस्याकारक हो सकता है। अध्ययन के दौरान पाया गया है कि मात्र 3 मिनट तक भी मास्क पहनकर रखने वाले बच्चों में कार्बन-डाइऑक्साइड का स्तर बढ़ सकता है। इस अध्ययन के आधार पर वैज्ञानिकों ने माता-पिता को अलर्ट करते हुए कहा है कि बच्चों को ज्यादा घर से बाहर न निकलने दें, जिससे उन्हें मास्क पहनाने की जरूरत कम पड़े।