चोट लगने या कटने पर खून बहना स्वाभाविक है, लेकिन कुछ देर बाद यह अपने आप रुक भी जाता है। क्या कभी आपके मन में ये सवाल आया कि आखिर ऐसा कैसे होता है? खून निकलना अपने आप कैसे बंद हो जाता है?
असल में शरीर में खून को जमाने की एक प्राकृतिक व्यवस्था होती है, जो चोट लगते ही सक्रिय हो जाती है। इसमें विटामिन-के की अहम भूमिका होती है। यह लिवर को ऐसे प्रोटीन बनाने में मदद करता है, जो खून का थक्का जमाकर ब्लीडिंग रोकते हैं। लेकिन अगर शरीर में इस विटामिन की कमी हो जाए, तो छोटी-सी चोट भी परेशानी बढ़ा सकती है और घाव भरने में भी दिकक्त हो सकती है।
विटामिन-के की कमी और ब्लड क्लॉट न बन पाने के कारण बार-बार नाक से खून आने, मसूड़ों से ब्लीडिंग होने या बिना चोट के शरीर पर नीले निशान पड़ने जैसी दिक्कतें हो सकती है। अब सवाल ये है कि आखिर विटामिन-के की कमी क्यों होती है और क्या खानपान से इसकी पूर्ति कैसे की जा सकती है? आइए जानते हैं।