फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: विटामिन-सी का खजाना है सर्दियों का ये फल, इम्युनिटी बढ़ाने से लेकर त्वचा के लिए फायदेमंद

Sat, 07 Jan 2023 07:03 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
विटामिन सी वाले फल - फोटो : iStock
सर्दियों का यह मौसम कई प्रकार के मौसमी-फलों और सब्जियों के लिए जाना जाता है, जो हमारे शरीर को विशेष लाभ प्रदान करते हैं। बढ़ते संक्रामक रोगों के जोखिम को कम करने और प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ आहार में विटामिन-सी वाली चीजों के सेवन को बढ़ाने की सलाह देते हैं। इसके लिए सर्दियों में बहुतायत में उपलब्ध संतरे आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकते हैं।

संतरे विटामिन-सी का उत्कृष्ट स्रोत माने जाते हैं, अममून एक मध्यम आकार के संतरे से इस विटामिन की 90 फीसदी दैनिक जरूरतों को पूरा किया जा सकता है।

अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि संतरे विटामिन-सी के साथ प्रोटीन, फाइबर, फोलेट, पोटैशियम जैसे अन्य आवश्यक पोषक तत्वों से भी भरपूर होते हैं, जिसकी नियमित रूप से हमारे शरीर को आवश्यकता होती है। फाइबर की मात्रा के कारण इसे पाचन को ठीक रखने में भी फायदेमंद पाया जाता है। संतरे कोलेस्ट्रॉल कम करके हृदय रोगों के जोखिम से बचाने और इम्युनिटी बढ़ाने में भी आपके लिए लाभकारी है। सभी लोगों के लिए संतरे का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है, हालांकि डायबिटीज के रोगी डॉक्टरी सलाह के आधार पर ही इसका सेवन करें।

आइए संतरे से होने वाले फायदे के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
बहुत लाभकारी हैं संतरे - फोटो : Pixabay
संतरे का सेवन बहुत फायदेमंद

संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए संतरों को विशेष फायदेमंद पाया गया है। अध्ययन के मुताबिक 140 ग्राम संतरा आपके दैनिक विटामिन-सी की जरूरत का 92% तक पूरा कर सकती है। विटामिन-सी, प्रतिरक्षा प्रणाली, कोलेजन, आयरन के अवशोषण को बढ़ाने में मददगार है। इसके अलावा इस फल में फोलेट की भी मात्रा होती है जो मेटाबॉलिज्म, भ्रूण और प्लेसेंटल के विकास के साथ शरीर को ऊर्जा देने के लिए आवश्यक है।
विज्ञापन

3 of 5
त्वचा के लिए संतरे के लाभ - फोटो : istock
त्वचा के लिए संतरे के फायदे

एक अध्ययन में पाया गया कि ताजा संतरे का रस पीने से त्वचा के कैरोटीनॉयड के स्तर को बढ़ाने में मदद मिलती है। लगभग सभी साइट्रस फलों में कैरोटीनॉयड एंटीऑक्सीडेंट उच्च मात्रा में पाए जाते हैं। इससे त्वचा की रंगत में सुधार होता है और इससे संबंधित बीमारियों का जोखिम भी कम होता है।

संतरे में बीटा-क्रिप्टोक्सैंथिन नामक एंटीऑक्सीडेंट भी होता है जो कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाता है, इससे कैंसर जैसी बीमारियों का जोखिम भी कम होता है।

4 of 5
हृदय के लिए लाभकारी हैं संतरे - फोटो : istock
हृदय रोगों में लाभकारी

हृदय रोग वर्तमान में, समय से पहले मौत के सबसे आम कारणों में से हैं। कम उम्र के लोगों में भी इसका खतरा काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। संतरे में विटामिन सी, फ्लेवोनोइड्स और कैरोटीनॉयड्स सहित कई अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिन्हें अध्ययनों में हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और हृदय रोगों के जोखिम को कम करने में मददगार पाया गया है। इसके सेवन से कोलेस्ट्रॉल के स्तर को भी नियंत्रित रखा जा सकता है, जिसे हृदय रोगों के प्रमुख कारक के रूप में जाना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
संतरे का सेवन करना विशेष लाभकारी - फोटो : Pixabay
क्रोनिक बीमारियों से भी बचाता है संतरा

हृदय स्वास्थ्य को बेहतर रखने के साथ नियमित रूप से संतरे या अन्य खट्टे फलों का सेवन कुछ प्रकार के कैंसर और मधुमेह सहित अन्य क्रोनिक स्वास्थ्य स्थितियों के जोखिम को कम करने में फायदेमंद हो सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि साइट्रस फलों के अधिक सेवन से कई प्रकार के कैंसर जैसे फेफड़े, मुंह, पेट के कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है। यह फल आपकी इम्युनिटी को बढ़ाता है जिससे संक्रमण का खतरा भी कम होता है।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें