Tingling in Hands And Feet: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बदलती खान-पान की आदतों के बीच विटामिन B12 की कमी एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनकर उभरी है, जिसे अक्सर लोग सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। क्या आपको कभी ऐसा महसूस हुआ है कि बाकियों की तुलना में आपको अधिक ठंड लग रही हो और साथ ही हाथों और पैरों में सुई चुभने जैसी सनसनी महसूस होती है? या फिर बिना किसी खास वजह के आपके अंग सुन्न पड़ जाते हों?
अगर हां, तो यह आपके नर्वस सिस्टम की ओर से दी जा रही एक गंभीर चेतावनी हो सकती है। विटामिन B12 जिसे 'कोबालामिन' भी कहा जाता है, हमारे शरीर में रेड ब्लड सेल्स के निर्माण और तंत्रिका तंत्र के सुचारू संचालन के लिए जरूरी है। जब इसकी कमी होती है, तो नसों की सुरक्षात्मक परत 'माइलिन' डैमेज होने लगती है, जिससे 'पेरिफेरल न्यूरोपैथी' की स्थिति पैदा होती है।
यह विटामिन मुख्य रूप से पशु उत्पादों में पाया जाता है, इसलिए शाकाहारी आबादी में इसकी कमी का जोखिम काफी अधिक होता है। अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह मानसिक भ्रम, याददाश्त की कमी और स्थायी तंत्रिका क्षति का कारण बन सकता है।