कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले वैश्विक स्तर पर बड़ी चिंता का कारण बने हुए हैं। शोध से पता चलता है कि ओमिक्रॉन और इसके सब-वैरिएंट की संक्रामकता दर काफी अधिक है जिसके कारण लोगों के संक्रमित होने का जोखिम काफी बढ़ गया है। ओमिक्रन वैरिएंट्स के कारण वैसे तो गंभीर संक्रमण के मामले देखने को नहीं मिल रहे हैं, हालांकि यह काफी तेजी से आबादी के बीच संक्रमण का कारण जरूर बन सकता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है, उनमें गंभीर रोग और संक्रमण के कारण मृत्यु का जोखिम कम होता है, इसलिए सभी लोगों को जल्द से जल्द टीके की दोनों डोज जरूर ले लेनी चाहिए।
इस बीच हाल ही में हुए एक शोध में वैज्ञानिकों ने टीकाकरण की आवश्यकताओं पर विशेष जोर देते हुए कहा है कि वैक्सीनेशन सिर्फ गंभीर रोग से बचाने के लिए ही नहीं, संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए भी बहुत आवश्यक है। जिन लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ है उनमें न सिर्फ संक्रमण की स्थिति में अस्पताल में भर्ती होने का जोखिम अधिक होता है, साथ ही यह अन्य लोगों के लिए भी वह संक्रमण का खतरा बढ़ा सकते हैं। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।