फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Marburg Outbreak: कोरोना से कई गुना खतरनाक संक्रामक रोग का बढ़ा खतरा, अब तक इसकी न तो कोई वैक्सीन न ही दवा

Tue, 01 Oct 2024 09:03 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
मारबर्ग वायरस का प्रकोप - फोटो : freepik.com
वैश्विक स्तर पर जारी कोरोना महामारी और मंकीपॉक्स संक्रमण के खतरे के बीच अफ्रीकी देशों में इन दिनों मारबर्ग वायरस के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ता देखा जा रहा है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अफ्रीकी देश रवांडा में अब तक 26 मामलों की पुष्टि हुई है, साथ ही इस रोग से छह लोगों की मौत भी हो चुकी है। ज्यादातर संक्रमितों में गंभीर स्तर वाले लक्षण देखे जा रहे हैं, जो स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इस बढ़ते संक्रामक रोग के जोखिमों को देखते हुए सभी लोगों को सावधानी बरतते रहने की सलाह दी है। 

अध्ययनकर्ता बताते हैं, मारबर्ग वायरस की प्रकृति ऐसी है जो इसे कई मामलों में काफी खतरनाक बनाती है। ये अत्यंत संक्रामक तो है ही साथ ही इसकी मृत्युदर भी काफी अधिक देखी जाती रही है जिसे लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ अलर्ट करते हैं।

क्या पूरी दुनिया पर कोविड-19 से भी खतरनाक संक्रामक रोग का खतरा मंडरा रहा है? क्या हम सभी एक और महामारी की चपेट में आने वाले हैं? आइए समझते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
मारबर्ग वायरस का अलर्ट - फोटो : Freepik.com
पहले भी देखा जाता रहा है इसका प्रकोप

ऐसा नहीं है कि मारबर्ग पहली बार स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा रहा है। साल 2003 से लेकर समय-समय पर इसका प्रकोप देखा जाता रहा है। फरवरी 2023 में इक्वेटोरियल गिनी में इस वायरस के कारण 16 लोगों में संक्रमण और 12 मौतें हुईं थीं। साल 2012 में यूगांडा में 15 लोगों को संक्रमित पाया गया और चार लोगों की मौत हुई। नियमित अंतराल पर वायरस में म्यूटेशन और इसके कारण संक्रमण बढ़ने के मामले सामने आते रहे हैं।

अफ्रीकी देशों, विशेषतौर पर रवांडा में ये वायरस एक बार फिर से प्रकोप का कारण बन रहा है।
विज्ञापन

3 of 5
गंभीर रोग के मामले - फोटो : Freepik.com
मारबर्ग वायरस और इसके जोखिमों को जानिए

मारबर्ग वायरस के कारण होने वाले रोग को काफी घातक माना जाता है। अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इसका प्रकोप होता रहा है। संक्रमित चमगादड़ों के माध्यम से या संक्रमित व्यक्ति के शिकार के तरल पदार्थ के संपर्क में आने से इसका संक्रमण होता है। 

मारबर्ग को वायरल रक्तस्रावी बुखार भी माना जाता है। ये वायरस रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है और रक्तस्राव का कारण बनता है। यही कारण है कि इसे काफी खतरनाक माना जाता रहा है। 

4 of 5
संक्रामक रोग का अलर्ट - फोटो : Freepik.com
कोरोना से खतरनाक होते हैं इसके लक्षण

कई वजहों से मारबर्ग वायरस और इसके कारण होने वाले रोग को कोरोना संक्रमण से भी खतरनाक माना जाता है। वैसे तो इसके लक्षण फ्लू और कोरोना की ही तरह से शुरू होते हैं पर समय पर सहायक उपचार न मिल पाने के कारण इसके गंभीर रूप लेने का खतरा अधिक हो सकता है।

संक्रमण की शुरुआत में बुखार, ठंड लगने, तेज सिरदर्द-खांसी, मांसपेशियों या जोड़ों में दर्द, गले में खराश जैसी दिक्कतें होती हैं। संक्रमण की गंभीरता बढ़ने के साथ उल्टी-दस्त, नाक-मुंह, आंख से खून आने, त्वचा पर छाले या दाने होने की समस्या हो सकती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बचाव के लिए वैक्सीन - फोटो : Freepik.com
मृत्युदर सबसे बड़ी चिंता 

कोरोना और हाल फिलहाल में फैले कई अन्य संक्रामक रोगों की तुलना में मारबर्ग वायरस को अधिक खतरनाक माना जाता रहा है। मारबर्ग आमतौर पर जानलेवा होता है, इसका औसत मृत्यु दर लगभग 80% है। कोविड-19 के कारण फिलहाल मृत्यु का खतरा 2.7 से 4 प्रतिशत के बीच रहा है। कोविड-19  से बचाव के लिए टीके और सहायक उपचार उपलब्ध हैं हालांकि मारबर्ग वायरस के लिए कोई भी वैक्सीन या विशिष्ट उपचार नहीं है। 

वायरस को रोकने और संक्रमितों में इसकी जटिलताओं को कम करने के लिए प्रयास को लेकर डब्ल्यूएचओ ने सभी से सावधान रहने की अपील की है। विशेषज्ञों ने कहा, नैदानिक देखभाल और संक्रमण की रोकथाम- नियंत्रण पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए। 




--------------
स्रोत और संदर्भ
Rwanda reports first-ever Marburg virus disease outbreak, with 26 cases confirmed


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें