वैश्विक स्तर पर कोरोना के एक बार फिर से बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी लोगों ने प्रतिरक्षा को मजबूती देने वाले उपाय फिर से शुरू कर दिए हैं। अध्ययनकर्ता कहते हैं, जिन लोगों की इम्युनिटी मजबूत है उनमें संक्रमण या फिर संक्रमण की स्थिति में गंभीर रोग विकसित होने का खतरा कम होता है। अगर आप भी इम्युनिटी बूस्टर उपायों के बारे में सर्च कर रहे हैं तो तुलसी की पत्तियां आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकती हैं। कई प्रकार के माइक्रोन्यूट्रिएंट्स से भरपूर तुलसी की इन पत्तियों में प्रभावी एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण भी होते हैं जिनसे शरीर को कई प्रकार के लाभ मिल सकते हैं।
तुलसी की पत्तियों को लेकर किए गए शोध में पाया गया है कि रोजाना इनके सेवन से न सिर्फ आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है साथ ही ब्लड शुगर को कंट्रोल करने और तनाव जैसी स्थितियों में भी इससे लाभ मिल सकता है।
विशेषज्ञ बताते हैं, बाजार में तुलसी ड्रॉप्स भी मिलती हैं जिनका सेवन किया जा सकता है, पर ताजी पत्तियां ज्यादा लाभकारी होती हैं। आइए जानते हैं कि तुलसी से हमारी सेहत को किस-किस प्रकार के लाभ हो सकते हैं?