जब भी शरीर में कहीं स्टोन या पथरी के बारे में बात होती है, तो दिमाग में सबसे पहले किडनी और गॉलब्लैडर का ख्याल आता है। ये दो अंग स्टोन की समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित रहते हैं। किडनी हो या फिर गॉलब्लैडर स्टोन, इसके कारण पेट में तेज दर्द, कई बार उल्टी-मितली जैसी दिक्कतें होती रहती हैं। गंभीर स्थितियों में सर्जरी तक कराने की नौबत आ जाती है।
क्या हो अगर हम कहें कि किडनी और गॉलब्लैडर के अलावा आपके गले में भी स्टोन की समस्या हो सकती है? ज्यादातर लोगों को इसके बारे में पता तक नहीं होता।
लंबे समय तक मुंह की दुर्गंध, गले में कुछ फंसा होने का एहसास या बार-बार गले में असहजता महसूस करते रहते हैं, तो हो सकता है कि आपको गले में स्टोन की समस्या हो। मेडिकल की भाषा में इसे टॉन्सिल स्टोन कहा जाता है। आम स्टोन की समस्या की तरह इसमें आपको तेज दर्द तो नहीं होता पर हमेशा ऐसा लगता रहता है कि गला साफ नहीं हैं या फिर कुछ तो फंसा है।