अगस्त-सितंबर का यह समय देश में कई प्रकार की मौसमी बीमारियों के खतरे वाला होता है, विशेषकर इस मौसम में मच्छर जनित बीमारियों का जोखिम कई गुना तक अधिक हो सकता है। मानसून के इस मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी कई घातक बीमारियां तेजी से बढ़ जाती हैं, हर साल इसके कारण हजारों लोगों की जान जाती है।
हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अस्पतालों में पिछले कुछ दिनों से डेंगू के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं, इस खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सभी लोगों को सावधानी बरतने और बचाव के उपाय करते रहने की सलाह दी है।
डॉक्टर्स बताते हैं, डेंगू के वायरस से संक्रमित एडीज प्रजाति के मच्छर के काटने से इंसानों में यह बुखार होता है। जिन लोगों की प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होती है उनमें इसके गंभीर रूप लेने का भी खतरा हो सकता है, ऐसे लोगों में प्लेटलेट्स तेजी से गिरने लगते हैं। अगर इसपर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो स्थिति जानलेवा तक हो सकती है। इस तरह के जोखिमों को ध्यान में रखते हुए सभी लोगों को निरंतर बचाव के उपाय करते रहना चाहिए, आइए जानते हैं कि डेंगू बुखार से बचे रहने के लिए क्या किया जाना चाहिए?