दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते हुए रिपोर्ट किए जा रहे हैं। एक समय जब ऐसा लगने लगा था कि अब स्थिति सामान्य होने लगी है, इसी बीच नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों का संक्रमित पाया जाना कई स्तर पर मुश्किलें बढ़ाने वाला हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले तीन दिनों में नोएडा के चार स्कूलों में 23 से ज्यादा बच्चों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। ऐसी ही खबरें गाजियाबाद और दिल्ली के कुछ स्कूलों से भी मिल रही हैं। एहतियात के तौर पर कई स्कूलों ने कुछ दिनों की छुट्टी, जबकि कुछ में दोबारा से ऑनलाइन क्लास शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
वैश्विक स्तर पर कोरोना संक्रमण की खबरों के बीच देश में भी दोबारा से बढ़ते केस ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं बच्चों को स्कूल भेजते समय माता-पिता को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों में बढ़ते संक्रमण के मामले दूसरे राज्यों के लिए भी अलार्मिंग हैं, सभी अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आइए जानते हैं कि इन दिनों बच्चों को स्कूल भेजते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?