फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विशेषज्ञों की चेतावनी: श्वसन तंत्र के साथ आंतों को भी प्रभावित कर रहा है स्टील्थ ओमिक्रॉन, ऐसे लक्षणों को हल्के में न लें

Sat, 02 Apr 2022 06:05 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
कोरोना संक्रमण में पेट की समस्याएं - फोटो : pixabay
Medically Rviewed By-
डॉ अवनीश सिंह
(कोविड मामलों के विशेषज्ञ)
लखनऊ


कोरोना महामारी को दो साल से अधिक का समय बीत गया है। अब तक दुनियाभर में सामने आए वायरस के तमाम वैरिएंट्स ने लोगों को कई तरह से प्रभावित किया है। मसलन शुरुआत में इसे जहां केवल श्वसन तंत्र तक ही सीमित करके देखा जा रहा था वहीं अब कई अन्य अंगों पर भी संक्रमण का असर देखा जा रहा है। वैसे तो कोरोना के सभी वैरिएंट्स ने श्वसन प्रणाली को प्रभावित किया है, हालांकि डेल्टा और ओमिक्रॉन जैसे वैरिएंट्स से संक्रमण की स्थिति में लोगों को अन्य अंगों से संबंधित परेशानियां भी देखने को मिली हैं। डेल्टा वैरिएंट ने जहां लोगों के फेफड़ों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया वहीं ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमण की स्थिति में लोगों में पेट से संबंधित कुछ दिक्कतें देखने को मिल रही हैं। 

कुछ हालिया रिपोर्ट्स में वैज्ञानिक बता रहे हैं कि दुनियाभर के लिए चिंता का कारण बना हुआ ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट BA.2 (स्टील्थ ओमिक्रॉन) श्वसन प्रणाली के साथ आंतों को भी प्रभावित कर रहा है। इस स्थिति में लोगों में सामान्य लक्षणों के साथ पाचन तंत्र से संबंधित कई तरह की दिक्कतें देखी जा रही हैं। चूंकि इस समय गर्मी का मौसम है, जिसमें लोगों में पाचन की समस्याएं अधिक होती हैं, ऐसे में संक्रमण और इनके बीच अंतर कर पाना कठिन हो सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में इस बारे में विस्तार से समझते हैं।
विज्ञापन

2 of 6
स्टील्थ ओमिक्रॉन के नए लक्षण क्या हैं? - फोटो : Pixabay
कोविड-19 में पेट की समस्याएं
दक्षिण अफ्रीका सहित दुनिया के कुछ अन्य देशों से प्राप्त हो रहे डेटा इस ओर इशारा करते हैं कि कोरोना का स्टील्थ वर्जन पेट की समस्याओं का भी कारण बन रहा है। किंग्स कॉलेज लंदन में जेनेटिक एपिडेमियोलॉजी के प्रोफेसर टिम स्पेक्टर कहते हैं, अध्ययनों में ओमिक्रॉन  BA.2 से संक्रमितों में सामान्य सर्दी-जुकाम की समस्याओं के अलावा मतली और पेट दर्द की दिक्कत भी देखी जा रही है। इससे यह समझ आता है कि वायरस का यह रूप नाक के साथ आंतों को भी अपना शिकार बना रहा है। 
विज्ञापन

3 of 6
कोविड-19 का पता लगाने के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट - फोटो : iStock
आरटी-पीसीआर रिपोर्ट आ सकती है निगेटिव
विशेषज्ञों ने चिंता जताते हुए कहा है कि चूंकि कुछ लोगों को सिर्फ पेट की ही दिक्कतें हो रही हैं, ऐसे में आरटी-पीसीआर रिपोर्ट नकारात्मक आ सकती है। इस टेस्ट में नाक या मुंह से एकत्र किए गए स्वाब से वायरस का पता लगाया जाता है। ऐसी स्थिति में कोविड-19 की समस्या और इसके प्रसार के बढ़ने का खतरा भी हो सकता है। फिलहाल फौरी तौर पर लोगों को लक्षणों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमण को सिर्फ श्वसन तंत्र तक ही सीमित करके देखना सही नहीं है।

4 of 6
कोरोना में पेट की दिक्कत - फोटो : Pixabay
कोरोना संक्रमण में हो रही हैं पेट की ये दिक्कतें
यूके के डॉक्टरों ने एक हालिया रिपोर्ट में जिक्र किया है कि स्टील्थ ओमिक्रॉन से संक्रमितों में कोरोना के सामान्य लक्षणों- सर्दी-जुकाम, बुखार और गले की समस्याओं के साथ पेट से संबंधित कुछ दिक्कतों का भी अनुभव हो रहा है। इसमें ज्यादातर संक्रमितों ने मतली-उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और जलन के साथ पेट में सूजन की शिकायत की है। कुछ संक्रमितों में लूज मोशन की दिक्कत भी देखी जा रही है।
विज्ञापन

5 of 6
कोरोना संक्रमण का समय पर पता चलना आवश्यक - फोटो : Pixabay
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
अमर उजाला से बातचीत में कोविड मामलों के विशेषज्ञ डॉ अवनीश सिंह बताते हैं, चूंकि इस समय देश में मौसम बदल रहा है और तापमान बढ़ रहा है। इस मौसम में सामान्यत: फूड पॉइजिंग और पेट की अन्य समस्याओं का जोखिम भी बढ़ जाता है, ऐसे में सामान्य पेट की समस्याओं को कोविड-19 के कारण होने वाले दिक्कत में अंतर करना आवश्यक है। इसका सबसे आसान तरीका ये है कि ओमिक्रॉन की स्थिति में गले की दिक्कतों जैसे खराश और दर्द के साथ पेट की समस्याएं हो सकती हैं। यह समस्या सामान्य लक्षणों के साथ शुरू हो जाती है, जबकि सामान्य पेट दर्द में श्वसन तंत्र की दिक्कतें नहीं होती हैं। हालांकि स्थिति के सही निदान के लिए डॉक्टर की सलाह जरूरी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
पेट की समस्याओ पर दें ध्यान - फोटो : Pixabay
लक्षण दिखने पर क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना संक्रमण के दौरान होने वाली गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट की दिक्कतों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। यदि आपमें दो दिन से अधिक समय तक पेट से संबंधितों दिक्कतों के साथ श्वसन तंत्र की भी समस्या बनी रहती है तो अपने चिकित्सक से परामर्श लें। इस दौरान स्वस्थ आहार लें और हाइड्रेटेड रहें। पानी पीते रहने से विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद मिल सकती है। कोरोना से बचाव के उपायों को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बिल्कुल न बरतें। 


---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें