फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: शराब जितनी ही खतरनाक है आपकी ये आदत, हृदय रोग-समय से पहले मृत्यु का बढ़ जाता है खतरा

Thu, 02 May 2024 09:23 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
स्वास्थ्य की समस्याएं - फोटो : istock
शराब को संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए कई प्रकार से हानिकारक माना जाता है। अध्ययनकर्ताओं ने बताया, शराब से सिर्फ लिवर ही नहीं बल्कि पूरे शरीर को क्षति पहुंचती है। ब्लड शुगर-कोलेस्ट्रॉल के स्तर को प्रभावित करने के साथ ये मस्तिष्क-हृदय की सेहत के लिए भी हानिकारक पाया गया है। क्या आप जानते हैं कि हमारी-आपकी रोजाना की जाने वाली एक गलती शराब से अधिक खतरनाक साबित हो रही है?

वैज्ञानिकों ने पाया कि जिस तरह से शराब हमारी सेहत को नुकसान पहुंचाती है, ज्यादा देर तक बैठे रहने की आदत के भी उसी तरह के नुकसान देखे जाते रहे हैं।

एक अध्ययन में दो समान समूह ड्राइवर (जो अधिकांश दिन बैठ रहते हैं) और कंडक्टर या गार्ड (जो अक्सर खड़े रहते हैं) के लोगों के सेहत की तुलना की गई। इसमें पाया गया कि दोनों समूह के लोगों की आहार-जीवनशैली काफी हद तक एक जैसी थी, लेकिन जो लोग ज्यादा देर तक बैठे रहते थे उनमें हृदय रोग होने का खतरा, खड़े रहने वालों की तुलना में लगभग दोगुना पाया गया।
विज्ञापन

2 of 5
ज्यादा बैठे रहना हानिकारक - फोटो : istock
ज्यादा देर बैठे रहना हानिकारक

डॉक्टर्स की टीम ने बताया, आप ऑफिस में बैठे रहते हैं, घर में ज्यादातर समय तक बेड पर आराम करते रहते हैं या फिर ड्राइविंग जैसे बैठे रहने वाले काम करते रहते हैं, ये सभी आपकी सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। जितनी ज्यादा आपकी शारीरिक निष्क्रियता बढ़ती जाती है, सेहत पर उसके उतने ही दुष्प्रभाव हो सकते हैं। ये आपकी लाइफ को कम करने के साथ-साथ डिमेंशिया जैसे मस्तिष्क विकारों डायबिटीज और हार्ट की समस्याओं को बढ़ाने वाली हो सकती है।
विज्ञापन

3 of 5
सेंडेंटरी लाइफस्टाइल के नुकसान - फोटो : istock
समय से पहले मृत्यु का खतरा

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया, जो लोग लंबे समय तक बैठे रहते हैं उनमें कई प्रकार के स्वास्थ्य कारणों से समय से पहले मृत्यु होने की अधिक आशंका होती है। यदि आपका बैठे रहने का समय अधिक है, भले ही आप प्रतिदिन व्यायाम करते हैं तो भी इससे होने वाले दुष्प्रभावों को कम करना काफी कठिन हो जाता है।

ये आदत तंत्रिकाओं, हार्ट की समस्या-डायबिटीज जैसी बीमारियों को बढ़ाने वाली पाई गई है, जो आपकी उम्र को कम कर देती हैं।

4 of 5
डिमेंशिया का खतरा - फोटो : istock
हो सकते हैं डिमेंशिया के शिकार

अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि जो लोग बहुत अधिक बैठे रहते हैं उनमें मस्तिष्क विकारों, यहां तक कि डिमेंशिया जैसी गंभीर समस्याओं के शिकार होने का खतरा अधिक हो सकता है। ज्यादा देर तक बैठने से हृदय रोग, मधुमेह, स्ट्रोक, उच्च रक्तचाप और उच्च कोलेस्ट्रॉल का खतरा बढ़ जाता है, जिसे डिमेंशिया रोग के प्रमुख कारकों में से एक माना जाता है। 

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बैठने के कारण सेहत पर होने वाले दुष्प्रभावों को कम करने के लिए ऑफिस में थोड़ी-थोड़ी देर पर सीट से उठकर जरूर घूम लेना चाहिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
मोटापे का खतरा - फोटो : istock
मोटापा और हार्ट की समस्याएं

अगर आप दिन का अधिकतर समय सोफे पर बैठकर टीवी देखने, घंटों तक वेब सर्फ करते रहने, ऑफिस में एक जगह बैठकर काम करते रहने में बिता देते हैं तो इससे आपके अधिक वजन या मोटापे के शिकार होने का खतरा भी काफी बढ़ जाता है। मोटापे की स्थिति को डायबिटीज से लेकर हार्ट की समस्याओं को बढ़ाने वाला पाया गया है।

ज्यादा बैठे रहने से न सिर्फ आप कम कैलोरी बर्न कर पाते हैं साथ ही इससे शरीर के इंसुलिन के प्रति प्रतिक्रिया करने के तरीके में भी बदलाव आ जाता है। ये स्थितियां हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिमों का कारक मानी जाती हैं। 


--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें