फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Health Tips: पोषक तत्वों की अधिकता से हो सकती हैं गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं, जानिए इन विटामिन्स की अधिक मात्रा के नुकसान

Thu, 14 Jul 2022 11:54 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
विटामिन्स की अधिकता के नुकसान - फोटो : पिक्साबे
शरीर को बेहतर तरीके से काम करते रहने के लिए रोजाना आहार के माध्यम से कई प्रकार के विटामिन्स और खनिजों की आवश्यकता होती है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को ऐसे आहार के चयन की सलाह देते हैं जिनसे इनकी आसानी से पूर्ति की जा सके। पोषक तत्वों की कमी के कारण शरीर में कई प्रकार के अल्पकालिक और दीर्घकालिक समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है, पर क्या आप जानते हैं कि इनकी अधिकता के भी गंभीर नुकसान हो सकते हैं? यदि आप भी अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए विटामिन्स का ज्यादा मात्रा में सेवन करते हैं तो सावधान हो जाइए।

आहार विशेषज्ञ बताते हैं कि विटामिन सी-डी और ई सहित आयरन और तमाम प्रकार के खनिजों का नियमित रूप से आहार के माध्यम से सेवन करना आवश्यक माना जाता है। पर कुछ लोग अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए इनके सेवन का मात्रा बढ़ा देते हैं। इसके अलावा विटामिन्स सप्लीमेंट्स की संयमित मात्रा का ध्यान न रखना भी आपके लिए और भी कई तरह की समस्याओं कारण बन सकता है।

आइए जानते हैं कि किस पोषक तत्व की अधिकता के कारण किस तरह की समस्या होने का खतरा रहता है?
विज्ञापन

2 of 5
शरीर में विटामिन-डी की अधिकता - फोटो : iStock
विटामिन-डी की अधिकता

शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने और हड्डियों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए विटामिन-डी वाली चीजों के सेवन को स्वास्थ्य विशेषज्ञ काफी लाभकारी मानते हैं। हालांकि यदि शरीर में इसकी मात्रा अधिक हो जाए तो इसके कारण विटामिन डी विषाक्तता का जोखिम हो सकता है। इसका मुख्य कारण रक्त में कैल्शियम की मात्रा का बढ़ जाना माना जाता है जिससे मतली और उल्टी, कमजोरी और बार-बार पेशाब आने जैसे समस्या हो सकती है। विटामिन-डी विषाक्तता हड्डी के दर्द और किडनी की समस्याओं का भी कारण बन सकती है।
विज्ञापन

3 of 5
विटामिन-सी की अधिकता के नुकसान - फोटो : iStock
विटामिन-सी की अधिक मात्रा

विटामिन-डी की ही तरह से विटामिन-सी को भी शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक माना जाता है। विटामिन-सी, दांतों और त्वचा के साथ शरीर के अन्य अंगों के लिए भी आवश्यक है। वैसे तो अधिक मात्रा में आहार से प्राप्त विटामिन-सी को हानिकारक नहीं माना जाता है, पर इसकी अधिकता के कारण कुछ लोगों में दस्त, जी मिचलाने और उल्टी आदि का खतरा अधिक रहता है। 

4 of 5
आयरन की अधिकता के नुकसान - फोटो : Pixabay
आयरन की अधिकता

आयरन एक ऐसा खनिज है जिसकी शरीर को वृद्धि और विकास के लिए आवश्यकता होती है। आपका शरीर आयरन का उपयोग हीमोग्लोबिन बनाने के लिए करता है। यदि आप इसकी अधिक मात्रा में सेवन करते रहते हैं तो इसके कारण  बहुत अधिक थकान महसूस होने, दिल के धड़कनों की अनियमितता, जोड़ों के दर्द, पेट दर्द और अस्पष्टीकृत रूप से वजन घटने जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
शरीर में कैल्शियम की अधिकता - फोटो : istock
अधिक कैल्शियम के नुकसान

कैल्शियम को दांतों और हड्डियों का मुख्य घटक माना जाता है, हालांकि शरीर में इसकी मात्रा का बढ़ जाना किडनी के लिए दिक्कतों को बढ़ा देता है। अतिरिक्त कैल्शियम को फिल्टर करने के लिए किडनी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे अत्यधिक प्यास लगने और बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। यह पाचन तंत्र की समस्याओं जैसे पेट की खराबी, मतली-उल्टी और कब्ज पैदा कर सकती है।


---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें