How to Fix Shoulder Stiffness: आज की आधुनिक जीवनशैली में कंधे का दर्द एक महामारी की तरह फैल रहा है, जिससे न सिर्फ बुजुर्ग बल्कि युवा पीढ़ी भी बुरी तरह प्रभावित है। ऐसा होने के पीछे का एक बड़ा कारण है देर तक बैठे-बैठे स्क्रिन के सामने काम करना है। इसी विषय पर हमने कानपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट मानवेंद्र बरनवाल से बात की। उन्होंने बताया है कि लंबे समय तक कंप्यूटर के सामने झुककर बैठना, गलत पोस्चर में सोना और शारीरिक निष्क्रियता इस दर्द के मुख्य कारण हैं।
डॉक्टर मानवेंद्र के मुताबिक अक्सर लोग इसे मामूली मांसपेशियों का खिंचाव समझकर पेनकिलर्स का सहारा लेते हैं, जो केवल कुछ समय के लिए राहत देते हैं। लेकिन अगर इस दर्द का सही समय पर इलाज न किया जाए, तो यह 'फ्रोजन शोल्डर' जैसी गंभीर स्थिति में बदल सकता है, जिसमें कंधे की गति पूरी तरह रुक जाती है। ऐसे में फिजियोथेरेपी आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है जो न सिर्फ दर्द को जड़ से खत्म करती है, बल्कि कंधे की मांसपेशियों को लचीला बनाकर उसे पूरी तरह से ठीक कर सकती है।