कोरोना की धीमी पड़ती दूसरी लहर की खबरों के बीच दुनियाभर में डेल्टा वैरिएंट के कारण संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। कई देशों में स्थिति इतनी बिगड़ती जा रही है कि वहां फिर से लॉकडाउन लगाने जैसे हालात बन रहे हैं। कोरोना के एक बार फिर से बढ़ते मामलों को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चिंता जताई है। डब्ल्यूएचओ की मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने कहा है कि कोरोना महामारी को हल्के में लेने की लगती न करें, महामारी की रफ्तार कम नहीं हुई है।
सौम्या स्वामीनाथन ने चिंता जताते हुए कहा है कि कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के प्रसार और टीकाकरण की धीमी गति के कारण दुनिया के अधिकांश देशों में कोविड-19 के मामलों में फिर से वृद्धि हो रही है, यह निश्चित ही हमारे लिए चिंता का विषय है। हाल के एक साक्षात्कार में, स्वामीनाथन ने कहा कि कई देशों में स्थिति दोबारा से खराब होती दिख रही है। अफ्रीका में हालात और भी खराब हैं, वहां पिछले दो हफ्तों में मृत्यु दर 30-40 प्रतिशत तक बढ़ गई है।