फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ramadan 2024: शुरू हो रहा है रमजान का महीना, अच्छी सेहत के लिए डॉक्टर्स के इन सुझावों पर गंभीरता से दें ध्यान

Mon, 11 Mar 2024 07:31 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
रमजान 2024 - फोटो : iStock
देशभर में रमजान का पाक महीना मंगलवार (12 मार्च) से शुरू हो रहा है। यह महीना सभी मुसलमानों के लिए काफी खास होता है, इसमें उपवास (रोजा) रखने से बरकत मिलती है, दुआएं कुबूल होती हैं। वयस्कों से लेकर बुजुर्ग तक लगभग सभी रोजा रखते हैं। उपवास को अध्ययनों में सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी बताया जाता रहा है, ऐसे में रोजा रखने से भी स्वास्थ्य को कई फायदे हो सकते हैं।

अगर आप भी रमजान के इस पाक महीने में रोजा रखने जा रहे हैं तो डॉक्टर्स द्वारा बताई गई कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी हो जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिन लोगों को पहले से किसी प्रकार की क्रोनिक बीमारी है, डायबिटीज या गंभीर बीमारियों के शिकार हैं उन्हें रोजा रखने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर ले लेनी चाहिए। दिनभर बिना कुछ खाए-पिए रहने से समस्याएं बढ़ सकती हैं। 
विज्ञापन

2 of 5
रमजान में खानपान का रखें ध्यान - फोटो : pixabay
क्या है डॉक्टर्स की सलाह?

डॉक्टर्स कहते हैं, कुछ प्रकार की बीमारियों के शिकार, विशेषतौर पर जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है, उन लोगों को रमजान के महीने में रोजा रखने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ज्यादा देर तक खाली पेट होने से इंसुलिन से संबंधित समस्या और ब्लड शुगर बढ़ने की दिक्कतें हो सकती हैं। इसके अलावा दवाइयों में गैप होने से स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है।

इसी तरह से हार्ट और ब्लड प्रेशर के शिकार लोगों को भी रमजान के दौरान सेहत को लेकर सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है। जिन लोगों की दवा चल रही है उन्हें उपवास करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर ले लेनी चाहिए। 

यदि आप स्वस्थ है तो भी रोजा के दौरान सेहत को ठीक रखने के लिए कुछ बातों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
विज्ञापन

3 of 5
हो न जाएं डिहाइड्रेशन के शिकार - फोटो : istock
डिहाइड्रेशन से बचना जरूरी

रमजान के दौरान आप ज्यादातर समय बिना पानी पिए रहते हैं, ऐसे में सबसे ज्यादा जोखिम डिहाइड्रेशन का होता है। निर्जलीकरण की समस्या सेहत के लिए कई प्रकार के दुष्प्रभावों वाली हो सकती है, इससे ब्लड प्रेशर लो होने, थकान, चक्कर आने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए रोजेदारों को खान-पान में उन चीजों को अधिक से अधिक शामिल करना चाहिए जिससे डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।

रोजा शुरू करने और पूरा करते समय खूब पानी पिएं। पूरे दिन शरीर में पानी कम न होने पाए इसके लिए तरबूज, खीरे और सूप जैसे हाइड्रेटिंग खाद्य पदार्थों का सेवन करें।

4 of 5
आहार में फलों को जरूर करें शामिल - फोटो : iStock
आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखें

रोजा के दौरान ऊर्जा के स्तर को बनाए रखने और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित भोजन का विकल्प चुनें, जिसमें कार्बोहाइड्रेट, लीन प्रोटीन, स्वस्थ वसा और फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ शामिल हों। पाचन संबंधी समस्याओं से बचने के लिए इफ्तार के दौरान तले हुए या मीठे खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करने से बचें। आहार में फाइबर वाली चीजों को जरूर शामिल करें।

हर दिन रोजा की शुरुआत पौष्टिक आहार से करें जिसमें पूरे दिन निरंतर ऊर्जा प्रदान करने के लिए साबुत अनाज, अंडे और दही जैसे धीमी गति से पचने वाले खाद्य पदार्थ शामिल हों। अत्यधिक कैफीन और नमकीन खाद्य पदार्थों से बचें, इससे निर्जलीकरण होने का खतरा रहता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
डॉक्टरी परामर्श जरूरी - फोटो : iStock
शरीर की सुनें, इसे न करें अनदेखा

रोजा के दौरान यदि आपको चक्कर आने, कमजोरी या अत्यधिक प्यास जैसे लक्षणों का अनुभव होता है तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें। सबसे आवश्यक है कि आप अपने शरीर की जरूरतों को सुनें और उसपर गंभीरता से ध्यान दें। यदि आपको कई दिनों तक इस तरह की समस्या बनी रहती है तो समय रहते डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें। 


--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें