फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rakesh Jhunjhunwala Death: डायबिटीज से संबंधित इन समस्याओं से पीड़ित थे 'बिग बुल', आप भी हो सकते हैं शिकार!

Sun, 14 Aug 2022 11:29 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
राकेश झुनझुनवाला का निधन - फोटो : istock
शेयर बाजार के दिग्गज निवेशकों में शुमार 'बिग बुल' नाम से मशहूर राकेश झुनझुनवाला का रविवार को निधन हो गया। वह पहले से ही कई प्रकार की बीमारियों से पीड़ित थे। रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों के उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह लंबे समय से डायबिटीज और इससे संबंधित किडनी-लिवर की बीमारियों से जूझ रहे थे।  कुछ हफ्तों पहले ही उन्हें स्वास्थ्य में गड़बड़ी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद भी उनकी तबीयत खराब ही चल रही थी। राकेश झुनझुनवाला के निधन से पूरा देश स्तब्ध है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो अधिक वजन और डायबिटीज के कारण उनका स्वास्थ्य लगातार गड़बड़ चल रहा था। यह दोनों कारक किसी भी व्यक्ति के लिए मुश्किलें बढ़ा सकते हैं, यही कारण है कि सभी लोगों को वजन, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने की सलाह दी जाती रही है। आइए समझते हैं कि डायबिटीज शरीर के अन्य अंगों को किस प्रकार से प्रभावित करती है, और गंभीर समस्याओं से बचे रहने के लिए क्या उपाय किए जाते रहने चाहिए?
विज्ञापन

2 of 5
अधिक वजन की समस्या पर दें ध्यान - फोटो : iStock
अधिक वजन डायबिटीज रोगियों के लिए नुकसानदायक

वजन बढ़ना किसी भी व्यक्ति के लिए समस्याओं का कारण हो सकता है, विशेषकर यदि आपको डायबिटीज की समस्या है तो इस बारे में विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है। मोटापा होने से आपमें मधुमेह होने की आशंका भी बढ़ जाती है। यदि आपको पहले से डायबिटीज है तो मोटापे के कारण इससे संबंधित जटिलताएं आपके लिए परेशानियों का कारण बन सकती हैं। यही कारण है कि सभी लोगों को वजन को कंट्रोल में रखने वाले आवश्यक उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है। 
विज्ञापन

3 of 5
मधुमेह में किडनी की दिक्कत - फोटो : istock
डायबिटिक किडनी की समस्याओं से परेशान थे झुनझुनवाला

मेडिकल रिपोर्टस की मानें तो डायबिटीज के कारण शरीर के कई अंगों पर नकारात्मक असर हो सकता है, इसमें किडनी से संबंधित गंभीर समस्याओं यहां तक कुछ स्थितियों में किडनी फेलियर का भी खतरा रहता है।

डॉक्टर्स बताते हैं, किडनी लाखों छोटे-छोटे फिल्टर्स से बनी होती है जिसे नेफ्रॉन कहा जाता है। जिन लोगों में लगातार ब्लड शुगर बढ़े रहने की समस्या होती है, ऐसी स्थिति नेफ्रॉन और किडनी की रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती है। मधुमेह पीड़ित ज्यादातर लोगों में हाई ब्लड प्रेशर का खतरा भी होता है, जिससे किडनी की समस्याएं बढ़ सकती हैं। 

4 of 5
लिवर की सेहत का रखें ध्यान - फोटो : iStock
डायबिटीज से लिवर को होने वाली दिक्कतें

किडनी की ही तरह से डायबिटीज के कारण लिवर से संबंधित समस्याओं का खतरा भी अधिक होता है। मधुमेह पीड़ित लोगों में नॉन अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज की समस्या अधिक देखने को मिलती रही है।  इस बीमारी में लिवर में अतिरिक्त वसा का निर्माण होने लगता है, जिससे लिवर के लिए सामान्य तरीके से काम करते रहना कठिन हो जाता है। टाइप-2 डायबिटीज वाले ज्यादातर लोगों में इस तरह की दिक्कत देखने को मिलती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राकेश झुनझुनवाला को भी डायबिटीज के कारण लिवर से संबंधित समस्याओं की शिकायत थी, उनका इलाज चल रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
डायबिटीज को रखें कंट्रोल - फोटो : iStock
डायबिटीज रोगियों को क्या करना चाहिए?

डॉक्टर्स कहते हैं कि ऐसा नहीं है कि यदि आपको डायबिटीज हो गई है तो किडनी-लिवर की समस्याएं जरूर होंगी, इससे बचाव भी किया जा सकता है। सबसे आवश्यक है, ब्लड शुगर लेवर और वजन को कंट्रोल रखना। डायबिटीज के कारण होने वाली शारीरिक जटिलताओं से बचे रहने के लिए स्वस्थ और पौष्टिक आहार के सेवन के साथ नियमित व्यायाम की आदत बनानी चाहिए। शारीरिक निष्क्रियता के कारण डायबिटीज की जटिलताओं के बढ़ने का जोखिम हो सकता है।
 
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें