देशभर में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर से बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। विशेषकर राजधानी दिल्ली में पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि यहां रोजाना संक्रमितों की संख्या दो हजार के आंकड़े को पार कर रही है। इस बीच हालिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि दिल्ली में ओमिक्रॉन का एक और नया वैरिएंट सामने आया है जिसे अध्ययनों में बेहद संक्रामकता दर वाला बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि जिस प्रकार से इस नए वैरिएंट के स्पाइक प्रोटीन में म्यूटेशन देखे गए हैं, ऐसे में आशंका है कि यह अब तक के सबसे संक्रामक माने जा रहे BA.5 वैरिएंट को भी पछाड़ सकता है।
विशेषज्ञ कहते हैं, वैसे तो कोरोना के कारण गंभीर रोग के मामलों का खतरा काफी कम है, पर कोरोना अभी भी कुछ स्थितियों में गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है। इस जोखिम को ध्यान में रखते हुए सभी लोगों को विशेष सावधानी बरतते रहना चाहिए।
हालिया अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया कि ओमिक्रॉन का बीए.5 वैरिएंट कई तरह से लोगों के लिए मुश्किलों का कारण बन सकता है, इससे रि-इंफेक्शन का खतरा भी अन्य वैरिएंट्स की तुलना में अधिक बताया जा रहा है। आइए इस अध्ययन के बारे में जानते हैं।