फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alert: सीने में तेज दर्द होना हर बार हार्ट अटैक नहीं, पैनिक अटैक में भी होते हैं ऐसे ही लक्षण; कैसे करें अंतर?

Thu, 06 Mar 2025 07:45 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अमेरिका के मशहूर एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉ. टेरी ब्लैकबर्न कहते हैं, हार्ट अटैक के समय सीने में दर्द या दबाव होना बहुत आम है, हालांकि बहुत से लोग पैनिक अटैक में भी बिल्कुल इसी तरह से अपने सीने में दर्द और तेज चुभने वाले दर्द के बारे में बताते हैं। दोनों में कैसे अंतर करें? 
विज्ञापन
1 of 5
हार्ट अटैक की समस्या - फोटो : Freepik.com
हृदय स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं, हार्ट अटैक के मामले हाल के वर्षों में काफी तेजी से बढ़े हैं। बच्चों हों या बुजुर्ग, सभी उम्र के लोग इसका शिकार हो रहे हैं। डॉक्टर कहते हैं, चूंकि ये सभी उम्र के लोगों में देखी जा रही स्थिति है इसलिए हार्ट अटैक के लक्षणों के बारे में जानना सभी लोगों के लिए जरूरी है। हार्ट अटैक की स्थिति में छाती में दर्द, सांस लेने में दिक्कत होने, घबराहट होना बहुत आम है, पर क्या आप जानते हैं कि इन लक्षणों का मतलब हर बार हार्ट अटैक ही नहीं है, पैनिक अटैक की स्थिति में भी बिल्कुल इसी तरह की दिक्कतें देखी जाती रही हैं।

अब सवाल उठता है कि पैनिक अटैक क्या होता है? अगर इसके लक्षण हार्ट अटैक के जैसे ही होते हैं तो पहचान कैसे की जाए तो किसी को पैनिक अटैक हो रहा है या हार्ट अटैक? आइए इस बारे में आगे विस्तार से समझते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
सीने में जलन और दर्द की दिक्कत - फोटो : Freepik.com
हार्ट अटैक और पैनिक अटैक की समस्या

अमेरिका के मशहूर एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉ. टेरी ब्लैकबर्न कहते हैं, हार्ट अटैक के दौरान सीने में दर्द दबाव या दबाव होना बहुत आम है, हालांकि बहुत से लोग पैनिक अटैक में भी बिल्कुल इसी तरह से अपने सीने में दर्द और तेज चुभने वाले दर्द के बारे में बताते हैं।

हार्ट अटैक ऐसी स्थिति है जिसका समय पर निदान और उपचार जरूरी हो जाता है, पर कैसे पता लगाया जाए कि आपको पैनिक अटैक और हार्ट अटैक हुआ है, इसे जानना बहुत जरूरी हो जाता है। डॉक्टर कहते हैं इन दोनों समस्याओं के लक्षण भले ही एक जैसे होते हैं पर दोनों की जड़ें और इलाज पूरी तरह अलग हैं। 
विज्ञापन

3 of 5
हार्ट अटैक होने की क्या वजह है? - फोटो : Adobe Stock
पहले हार्ट अटैक के बारे में जानते हैं

हार्ट अटैक को दिल का दौरा भी कहा जाता है, ये तब होता है जब दिल की धमनियों में रुकावट की वजह से दिल तक रक्त प्रवाह बाधित हो जाता है। यह स्थिति जानलेवा हो सकती है और इसमें तुरंत चिकित्सा की आवश्यकता होती है।

हार्ट अटैक की स्थिति में सीने के बीच या बाईं ओर तेज दर्द या भारीपन महसूस होता है। ये दर्द कंधे, हाथ, गर्दन या जबड़े तक भी फैलने लगता है। इसके अलावा आपको अत्यधिक पसीना आने, सांस फूलने के साथ मतली या उल्टी की समस्या होती है।

4 of 5
पैनिक अटैक की स्थिति - फोटो : Freepik.com
पैनिक अटैक क्या होता है?

पैनिक अटैक एक मानसिक स्वास्थ्य समस्या है, ये तब होती है जब व्यक्ति को अचानक, बिना किसी स्पष्ट कारण के तीव्र डर और घबराहट महसूस होती है। हार्ट अटैक की तरह ये स्थिति घातक नहीं होती लेकिन व्यक्ति को ऐसा लगता है जैसे उसे हार्ट अटैक आ रहा हो।

पैनिक अटैक के कारण हार्ट अटैक की ही तरह सीने में चुभन जैसा हल्का दर्द होता है पर ये अन्य हिस्सों में नहीं फैलता है। इस लक्षण के अलावा दिल की धड़कन बढ़ने, सांस लेने में दिक्कत होने, शरीर में कंपन होने या अत्यधिक पसीना आने की समस्या हो सकती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सीने में दर्द होना हर बार हार्ट अटैक नहीं - फोटो : Freepik.com
दोनों में क्या अंतर है?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जैसा कि लक्षणों से पता चलता है कि हार्ट अटैक और पैनिक अटैक काफी मिलते-जुलते होते हैं पर इनमें कुछ अंतर है जिसपर जरूर ध्यान देना चाहिए।
  • आमतौर पर  हार्ट अटैक में होने वाला सीने में दर्द कंधे, हाथ, गर्दन तक फैल जाता है पर पैनिक अटैक में ऐसा नहीं होता है।
  • हार्ट अटैक के कारण होने वाला दर्द लंबे समय तक बना रह सकता है जबकि पैनिक अटैक की स्थिति में लक्षण 5-10 मिनट में खुद ही ठीक हो जाते हैं।
अगर आपको हार्ट की समस्या रही है तो इस तरह के किसी भी लक्षण को बिल्कुल भी अनेदखा नहीं करें।



---------
स्रोत और संदर्भ
Panic Attack vs. Heart Attack


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें