स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यदि शरीर को स्वस्थ और फिट रखना चाहते हैं तो इसके लिए सबसे आवश्यक है कि आप नियमित रूप से व्यायाम करें। व्यायाम भले ही हल्के स्तर का हो या तीव्र इससे संपूर्ण स्वास्थ्य को लाभ मिल सकता है। जो लोग योग-व्यायाम की दिनचर्या बनाते हैं, उनकी संज्ञानात्मक क्षमता यानी मस्तिष्क के कार्य करने, सोचने-समझने और निर्णय लेने की शक्ति उम्र बढ़ने के साथ भी बनी रहती है। पर एक हालिया अध्ययन में वैज्ञानिकों ने आश्चर्यजनक जानकारी साझा की है।
शोधकर्ताओं ने कहा, अब तक ये माना जाता रहा है कि नियमित शारीरिक गतिविधि उम्र बढ़ने के साथ संज्ञानात्मक क्षमता में कमी से आपको सुरक्षित रखने में मदद करती है। भले ही आप रोजाना व्यायाम और योग का अभ्यास करते हैं, पर अगर पर्याप्त नींद नहीं ले पा रहे हैं या फिर अनिद्रा के शिकार हैं तो आपके सारे लाभ बेकार हो सकते हैं। मतलब यदि आपको नींद से संबंधित समस्या है, भले ही आप व्यायाम करते हैं तो यह मानसिक स्वास्थ्य और संज्ञानात्मक क्षमता को प्रभावित कर सकती है।