मच्छरों के कारण डेंगू से लेकर मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा रहता है जो गंभीर स्थितियों में जानलेवा भी हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इन समस्याओं से बचे रहने के लिए आवश्यक है कि आप मच्छरों के काटने से बचें। इसके लिए मच्छरदानी के प्रयोग को सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है, मच्छरों को भगाने के लिए स्प्रे और मॉस्किटो कॉइल भी काफी चलन में हैं। पर क्या आप जानते हैं कि ये कॉइल आपकी सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकते हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बंद कमरे में कॉइल जलाने से इनडोर प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है जो समय के साथ क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के साथ अस्थमा जैसी सांस की समस्याओं को ट्रिगर करने का कारण बन सकती है।
इन क्वाइल्स को जलने से निकलने वाले धुंए में कई हानिकारक तत्व होते हैं जो शरीर में पहुंचकर गंभीर रोगों का कारण बन सकते हैं। इसलिए मच्छरों को भगाने के लए अगर आप मॉस्किटो कॉइल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए।