फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Covid-19: वैज्ञानिकों का दावा- इन दो वैक्सीन के संयोजन से 6 गुना तक बढ़ाई जा सकती है एंटीबॉडीज

Sat, 19 Mar 2022 01:26 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
बूस्टर खुराक से बढ़ सकती है एंटीबॉडीज - फोटो : Istock
दुनिया के कई देशों में बढ़ते कोरोना के मामले चिंता बढ़ाने वाले हैं। चीन में ओमिक्रॉन BA.2 के कारण संक्रमण के दैनिक मामलों में तेज उछाल देखने को मिला है, कई शहरों में लॉकडाउन लगाने की स्थिति बन गई है। वैज्ञानिकों के मुताबिक वैक्सीनेशन करा चुके लोगों को कोविड-19 के गंभीर मामलों से सुरक्षित माना जा सकता है, हालांकि सभी लोगों को बचाव के लगातार उपाय करते रहने चाहिए। वैक्सीन से शरीर में बनी प्रतिरक्षा प्रणाली कुछ समय के बाद कम होती देखी गई है, ऐसे में संक्रमण को लेकर सभी लोगों को लगातार अलर्ट रहने की आवश्यकता है। कुछ अध्ययनों में वैक्सीन के बूस्टर शॉट देने के लाभ का जिक्र मिलता है।

वैक्सीन की प्रभाविकता को लेकर अध्ययन कर रही शोधकर्ताओं की एक टीम ने एंटीबॉडीज बढ़ाने को लेकर बड़ा दावा किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि कोवाक्सिन और कोविशील्ड वैक्सीन के संयोजन से शरीर में एंटीबॉडीज के स्तर को छह गुना तक बढ़ाया जा सकता है। कोरोना से बचाव के लिए यह तरीका काफी कारगर साबित हो सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
कोविशील्ड और कोवाक्सिन वैक्सीन का मिक्स डोज - फोटो : Twitter
मिक्स एंड मैच वैक्सीन हो सकती है प्रभावी
क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लोर द्वारा ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) को सौंपे गए प्रारंभिक वैज्ञानिक साक्ष्य के अनुसार, कोवाक्सिन की दो खुराक के बाद कोविशील्ड वैक्सीन की बूस्टर डोज देकर प्रतिरक्षा प्रणाली 6 गुना तक बढ़ाई जा सकती है। अध्ययन से पता चला है कि जिन लोगों को पहले से कोवाक्सिन का टीका लग चुका है उन्हें अगर कोविशील्ड का बूस्टर डोज दिया जाए तो एंटीबॉडीज के स्तर को बढ़ाया जा सकता है, हालांकि जिन लोगों को कोविशील्ड का टीका लगा है, उनमें कोवाक्सिन का बूस्टर शॉट कितना असरदार है, इसके लिए पर्याप्त डेटा उपलब्ध नहीं हैं।
विज्ञापन

3 of 5
कोरोना वैक्सीन से बढ़ती है प्रतिरक्षा - फोटो : पीटीआई
कोवाक्सिन और कोविशील्ड का संयोजन असरदार
मीडिया रिपोर्ट्स से प्राप्त जानकारियों के अनुसार टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) इस अध्ययन के अंतिम आंकड़ों के आधार पर बूस्टर डोज के लिए एक अलग वैक्सीन देने पर निर्णय ले सकती है। कोवाक्सिन और कोविशील्ड के मिक्स वैक्सीनेशन के अलावा कोर्बेवैक्स और कोवावैक्स टीकों के मिश्रण के प्रभाव को जानने के लिए भी अध्ययन किया जा रहा है। इससे पहले लंदन में हुए कुछ अध्ययनों में टीकों के मिश्रण के अधिक प्रभावी होने का दावा किया था।

4 of 5
टीकों के मिश्रण को पाया गया असरदार - फोटो : PTI
टीकों के मिश्रण के प्रभावों को जानने के लिए अध्ययन
डीसीजीआई ने सितंबर 2021 में क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज को टीकों के मिश्रण पर परीक्षण करने की मंजूरी दी गई थी। इन परिणामों को मिक्स एंड मैच वैक्सीन के प्रभाव का पहला सबूत भी माना जा रहा है। भारत में फिलहाल 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को ही बूस्टर डोज देने की अनुमति है। कोरोना को लेकर हाल ही में हुए कुछ अध्ययनों में दावा किया जा रहा है कि ओमिक्रॉन जैसे सामने आ रहे नए वैरिएंट्स से बचाव के लिए लोगों को बूस्टर डोज देने की आवश्यकता हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
कोरोना के खतरे से बचाव के लिए वैक्सीनेशन जरूरी - फोटो : Pixabay
बढ़ रहा है कोरोना का खतरा
कोरोना के लेकर हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चीन सहित कई देशों में ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BA.2 को लेकर चिंता जताई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जिस तरह से यह वैरिएंट तेजी से फैल रहा है, ऐसे में इसके प्रसार पर काबू पाने के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी हथियार साबित हो सकता है। सभी लोगों को जल्द से जल्द वैक्सीन की दोनों खुराक ले लेनी चाहिए। 


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें