नए आनंद-नए उमंग के साथ साल 2023 का जश्न मनाया जा रहा है। कई प्रकार के सुधार के नजरिए से नए साल को काफी आशावादी रूप से देखा जा रहा है। विशेषकर नए साल में सेहत को लेकर और बेहतर प्रयासों की उम्मीद की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जहां लोगों में चिंता-तनाव और अवसाद के मामले काफी बढ़ रहे हैं, आत्महत्या की खबरें अक्सर सुनने को मिल रही हैं, इन सबको ध्यान में रखते हुए मानसिक स्वास्थ्य सुधार हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
साल 2022 में हमने इस दिशा में बेहतर प्रयास किए हैं जिसे अगले साल में और बेहतर करने की दिशा में काम करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बिना बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के, स्वस्थ शरीर की कल्पना नहीं की जा सकती है।
हमारे सामाजिक और भावनात्मक कल्याण सहित हम जो कुछ भी करते हैं, वह हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित होता है। यह हमारे जीवन के हर तत्व पर प्रभाव डालता है। जिस तरह से हम शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रयास करते रहते हैं, मन को स्वस्थ रखने के लिए भी इसकी आवश्यकता है। कम उम्र के लोग चिंता-तनाव के शिकार देखे जा रहे हैं, ये संकेत है कि इस दिशा में हम कम ध्यान दे रहे हैं।
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दैनिक जीवनशैली और आहार को ठीक रखकर मानसिक स्वास्थ्य को भी ठीक रखा जा सकता है। आइए जानते हैं कि किन छोटे-छोटे प्रयासों के साथ साल 2023 में हम मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकते हैं?