फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Harvard Study: लंबी आयु चाहते हैं तो सबसे लाभकारी है ये डाइट प्लान, हृदय रोग-कैंसर का भी कम होगा खतरा

Mon, 10 Jun 2024 12:36 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
मेडिटेरियन डाइट प्लान - फोटो : istock
आहार और जीवनशैली में गड़बड़ी को संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता रहा है। इससे न सिर्फ समय से पहले कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, साथ ही ये असमय मौत का भी कारण बन सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं आप जिस तरह की चीजों का सेवन करते हैं उसका सेहत पर सीधा असर होता है। अगर आप बीमारियों से बचे रहना और लंबी आयु चाहते हैं तो आहार में सुधार सबसे जरूरी है।

कुछ शोधकर्ताओं ने बताया कि जो लोग 'मेडिटेरियन डाइट (Mediterranean Diet) का सेवन करते हैं वह कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित रह सकते हैं।

इसी से संबंधित हार्वड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने एक हालिया अध्ययन में बताया कि 'मेडिटेरियन डाइट' न सिर्फ कैंसर और हृदय संबंधी समस्याओं से आपको सुरक्षित रखती है साथ ही गंभीर रोगों के कारण मृत्यु के खतरे को भी 23 प्रतिशत तक कम कर सकती है। महिलाओं के लिए इस प्रकार के डाइट प्लान को काफी लाभप्रद पाया गया है।
विज्ञापन

2 of 5
स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन - फोटो : istock
क्या होता है 'मेडिटेरियन डाइट'?

मेडिटेरियन डाइट में मुख्यरूप से प्लांट बेस्ड यानी पौधों पर आधारित चीजों और स्वस्थ वसा को शामिल किया जाता है। इस डाइट में आप अधिकतर सब्जियां, फल और साबुत अनाज खाते हैं। डाइट का पालन करने वालों को खाने में ऑलिव ऑयल के इस्तेमाल की सलाह दी जाती है। यह डाइट मुख्यरूप से नट्स-सीड्स, फल-सब्जियों, साबुत अनाज से भरपूर होता है। इसके अलावा कम मात्रा में मछली, मुर्गी, डेयरी उत्पाद, अंडों का कभी-कभार सेवन किया जा सकता है।

कई शोध बताते हैं कि हृदय रोग और कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों से बचे रहने के लिए इस डाइट प्लान से लाभ पाया जा सकता है। 
विज्ञापन

3 of 5
हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद - फोटो : istock
शोध में क्या पता चला?

हार्वर्ड से संबंधित ब्रिघम एंड वुमेंस हॉस्पिटल के शोधकर्ताओं ने 25,000 से अधिक अमेरिकी महिलाओं पर 25 वर्षों तक किए अध्ययन में 'मेडिटेरियन डाइट' को कई प्रकार से लाभकारी बताया है। 

शोधकर्ताओं ने पाया जिन प्रतिभागियों ने इस प्रकार की डाइट का सेवन किया उनमें सभी कारणों से मृत्यु दर का जोखिम 23 प्रतिशत तक कम था। इतना ही नहीं ऐसे प्रतिभागियों में कैंसर और हृदय संबंधी रोगों का जोखिम भी कम था। शोध के निष्कर्ष के आधार पर वैज्ञानिकों ने बताया कि अगर आप दीर्घायु होना चाहते हैं तो भी इस डाइट का पालन करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

शोध के निष्कर्ष जामा जर्नल में प्रकाशित किए गए हैं।

4 of 5
मेटाबॉलिज्म डाइट के फायदे - फोटो : istock
मेटाबॉलिज्म से संबंधित समस्याएं भी होती हैं कम

अध्ययन के लेखकों ने इस डाइट के दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ की जांच की जिनमें पाया गया कि मेटाबॉलिज्म में सुधार करने से लेकर शरीर में इंफ्लामेशन के बायोमार्कर को कम करने में भी इससे विशेष लाभ पाया जा सकता है। प्रतिभागियों में ट्राइग्लिसराइड, फैट और इंसुलिन प्रतिरोध में भी सुधार देखा गया जो दो बड़ी बीमारियों- हृदय रोग और डायबिटीज का प्रमुख कारक माने जाते हैं।

लेखकों ने यह भी उल्लेख किया है कि जैसे-जैसे इस डाइट प्लान की अवधारणा लोकप्रिय होती जा रही है, कई देशों ने इसे बड़े उत्साह के साथ अपनाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सही डाइट प्लान का करिए सेवन - फोटो : istock
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

स्वीडन स्थित उप्साला यूनिवर्सिटी में शोधकर्ता और अध्ययन के प्रमुख लेखक शफकत अहमद कहते हैं, हमारा शोध महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य पर प्रकाश डालता है। मेटाबॉलिज्म स्वास्थ्य में सुधार से सूजन, ट्राइग्लिसराइड, मोटापा और इंसुलिन प्रतिरोध जैसी दिक्कतों को कम किया जा सकता है। इस डाइट प्लान को मेटाबॉलिज्म के लिए विशेष लाभकारी पाया गया है। 

हालांकि यहां ध्यान रखना जरूरी है कि किसी भी डाइट प्लान को अपनाने से पहले विशेषज्ञों की सलाह जरूर ले लें। सेहत और शारीरिक स्थितियों के आधार पर सभी लोगों के लिए एक ही तरह की डाइट फायदेमंद हो, ये जरूरी नहीं है।


--------------
स्रोत और संदर्भ
Mediterranean Diet Adherence and Risk of All-Cause Mortality in Women

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें